मटीगड़ा थाना पुलिस ने इलाके में सक्रिय नशीले पदार्थों के तस्करों के खिलाफ अपना अभियान तेज कर दिया है। सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस की विशेष शाखा (SOG) और सभी थानों द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान के तहत शुक्रवार रात मटीगड़ा थाने की एंटी-क्राइम विंग ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 278 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।मटीगड़ा थाना सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद बबलू (38) के रूप में हुई है। पुलिस ने दावा किया है कि आरोपी इलाके में कई फर्जी नामों से जाना जाता था, जिनमें ‘बुलेट’, ‘आजाद’, ‘बुलकू’ और ‘राजा’ जैसे नाम शामिल हैं।
ऐसे चढ़ा पुलिस के हत्थेपुलिस काफी समय से मोहम्मद बबलू की संदिग्ध गतिविधियों पर गुप्त रूप से नजर रख रही थी। शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे सटीक मुखबिरी के आधार पर मटीगड़ा थाने की एंटी-क्राइम विंग ने परिवहन नगर स्थित एक पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी कर उसे धर दबोचा। तलाशी लेने पर उसके पास से 278 ग्राम उच्च गुणवत्ता वाली ब्राउन शुगर बरामद की गई।युवा पीढ़ी को बना रहा था शिकारपुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि बरामद मादक पदार्थ को स्थानीय बाजार में बेचने के इरादे से लाया गया था। आरोपी पर लंबे समय से इलाके में युवाओं और छात्रों तक ब्राउन शुगर सप्लाई करने का आरोप है।
तफ्तीश अधिकारी अब इस बात का पता लगा रहे हैं कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन-किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। पुलिस को उम्मीद है कि आरोपी से कड़ी पूछताछ के बाद शहर में सक्रिय किसी बड़े ड्रग्स नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।शनिवार को मटीगड़ा थाना पुलिस ने आरोपी मोहम्मद बबलू को सिलीगुड़ी अदालत में पेश कर आगे की रिमांड मांगी है।
