सड़क सुरक्षा का संदेश देने के लिए कोलकाता पुलिस की साइकिल रैली, 150 लोगों ने लिया हिस्सा

सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और आम जनता के बीच ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कोलकाता पुलिस द्वारा ‘Road Safety Week 2026’ मनाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत शनिवार को कोलकाता की सड़कों पर एक विशेष साइकिल रैली का आयोजन किया गया।यह साइकिल रैली विक्टोरिया मेमोरियल के सामने से शुरू होकर प्रिंसिप घाट होते हुए लालबाजार तक पहुंची। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विशेष रूप से बाइक चालकों के बीच ट्रैफिक नियमों का पालन करने और सुरक्षित रूप से गाड़ी चलाने का संदेश पहुंचाना था।

कोलकाता पुलिस आयुक्त अजय कुमार नंद ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वे केवल फ्लैग ऑफ तक ही सीमित नहीं रहे, बल्कि खुद भी साइकिल चलाकर रैली में शामिल हुए। कोलकाता पुलिस की इस पहल में लगभग 150 लोगों ने भाग लिया।कोलकाता पुलिस की ओर से बताया गया है कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए आम लोगों में ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूकता अत्यंत आवश्यक है।

विशेष रूप से बाइक चालकों को हेलमेट पहनने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और ट्रैफिक सिग्नल सहित अन्य नियमों को मानने के लिए जागरूक किया जा रहा है।गौरतलब है कि यह ‘Road Safety Week 2026’ गत 3 अगस्त से शुरू हुआ है और 9 अगस्त तक चलेगा। इस सप्ताह के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से कोलकाता पुलिस सड़क सुरक्षा को लेकर आम जनता के बीच जागरूकता बढ़ाने का प्रयास कर रही है।

By Sonakshi Sarkar