पटना के बाढ़ में शुक्रवार को गैस सिलेंडर ब्लास्ट से आग लग गई। अगलगी में करीब 8 दुकानें जल गईं। रितेश सिंह की कपड़ों की थोक दुकान के साथ मोबाइल और टेंट-पंडाल की दुकानें जली हैं। कपड़े, मोबाइल फोन, टेंट-पंडाल के सामान खाख हो गए हैं। दुकानदारों का कहना है कि आग इतनी तेजी से फैली कि सामान निकालने का मौका नहीं मिला।
मोबाइल फोन की बैटरियां फटने से धमाकों की आवाजें आईं। दुकानदारों ने करोड़ों रुपए के नुकसान का दावा किया है। दुकानों में रखे 8 से 10 लाख रुपए कैश जलने की बात भी सामने आई है। हालांकि नुकसान की अधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
घटना NTPC लेबर गेट के पास दुर्गेश कॉम्प्लेक्स मार्केट की है।
दुकानदारों ने आरोप लगाया कि सूचना देने के बाद भी दमकल की गाड़ियों को मौके पर पहुंचने में करीब एक घंटा लगा। उनका कहना है कि दमकल की गाड़ियां समय पर पहुंचती होती तो नुकसान कम हो सकता था।
बाढ़ एसडीपीओ-1 रामकृष्ण मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर स्थिति संभाली। इसके बाद NTPC और अग्निशमन विभाग की गाड़ियों ने आग बुझाई। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
जिला अग्निशमन पदाधिकारी अभिषेक कुमार के मुताबिक लगभग 7:40 के पास अगलगी की सूचना मिली थी। एक गैस सिलेंडर ब्लास्ट हुआ था। जिसकी वजह से दुकानों में आग लग गई। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है।
