सिलीगुड़ी में भाजपा का घोषणापत्र जारी, विकास को लेकर बड़े वादे

आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अंतिम चरण के प्रचार में राजनीतिक दलों ने पूरी ताकत झोंक दी है। इसी कड़ी में शनिवार को शिलिगुड़ी भाजपा मीडिया सेंटर में भारतीय जनता पार्टी ने आधिकारिक तौर पर अपना घोषणापत्र जारी किया। इस मौके पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा प्रत्याशी शंकर घोष ने शहर के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण योजनाओं की रूपरेखा पेश की।

उन्होंने बताया कि यह घोषणापत्र शिलिगुड़ी के बुनियादी ढांचे के विकास, ट्रैफिक जाम की समस्या के समाधान, पेयजल और ड्रेनेज व्यवस्था के आधुनिकीकरण जैसे मुद्दों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसके साथ ही उन्होंने नागरिक सेवाओं को अधिक बेहतर और पारदर्शी बनाने का भी वादा किया। प्रेस वार्ता में शिलिगुड़ी नगर निगम के भाजपा पार्षदों समेत अन्य नेता भी मौजूद थे। सभी ने कहा कि इस घोषणापत्र के लागू होने से शहर के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।

दूसरी ओर, कार्यक्रम के दौरान सामाजिक संगठन के सदस्य मनोज शर्मा ने औपचारिक रूप से भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी शंकर घोष के हाथों पार्टी का झंडा ग्रहण कर अपना समर्थन जताया। चुनाव से पहले घोषणापत्र जारी होने और नए सदस्य के पार्टी में शामिल होने को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।

By Sonakshi Sarkar