मेदिनीपुर में अनूठी पहल: वृद्ध और असहाय लोगों के लिए घर से मण्डप तक ‘विशेष दर्शन सेवा’ का शुभारंभ

बंगाल का सबसे बड़ा उत्सव यानी दुर्गापूजा खुशियों, रोशनी और मेल-मिलाप का पर्व है, लेकिन यह चमक-धमक कई बार उन लोगों तक नहीं पहुँच पाती जो बीमारी, बुढ़ापे या शारीरिक असमर्थता के चलते अपने घरों की चारदीवारी में कैद रहने को विवश हैं।

ऐसे असहाय, बुजुर्ग और विशेष रूप से सक्षम लोगों के चेहरों पर मुस्कान लाने के लिए मेदिनीपुर के विधायक डॉ. शंकर कुमार गुछाइत ने एक बेहद सराहनीय और मानवीय पहल की है।मेदिनीपुर विधायक सेवा कार्यालय में विधायक की माता गीतारानी गुछाइत ने इस विशेष सेवा का औपचारिक शुभारंभ किया।

चतुर्थी के पावन अवसर से शुरू की गई इस अनोखी पहल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि शारीरिक अस्वस्थता या अकेलापन किसी भी जरूरतमंद के माँ दुर्गा के दर्शन करने की राह में बाधा न बने। जिन बुजुर्गों के बच्चे काम के सिलसिले में बाहर रहते हैं या जो घर में अकेले हैं, उन्हें सुरक्षित रूप से पूजा पंडाल तक पहुँचाने और दर्शन कराने की पूरी व्यवस्था विधायक की इस विशेष टीम द्वारा की जा रही है।

By Sonakshi Sarkar