एमवे इंडिया और अंतरराष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं अनुप्रयुक्त पोषण प्रशिक्षण केंद्र (आईटीसीएफएसएएन) ने उपभोक्ताओं में जागरूकता बढ़ाने, पोषण शिक्षा को प्रोत्साहित करने और खाद्य सुरक्षा के क्षेत्र में क्षमता निर्माण को मजबूत करने के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं।
इस समझौता ज्ञापन पर एमवे इंडिया के प्रबंध निदेशक रजनीश चोपड़ा और भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के पश्चिमी क्षेत्र स्थित आईटीसीएफएसएएन की उप निदेशक (तकनीकी) वैदेही कालजुंकर ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर एफएसएसएआई पश्चिमी क्षेत्र की क्षेत्रीय निदेशक प्रीति चौधरी भी मौजूद रहीं।
इस साझेदारी के तहत विशेषज्ञों के नेतृत्व में जागरूकता कार्यक्रम, ज्ञान साझा करने की पहल और क्षमता निर्माण से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य उपभोक्ताओं, विद्यार्थियों, खाद्य उद्योग से जुड़े पेशेवरों और अन्य संबंधित पक्षों तक पहुंच बनाना है। इसके अलावा, आपसी सहमति और आवश्यक मंजूरियों के आधार पर संयुक्त शोध और विश्लेषणात्मक अध्ययन की संभावनाओं पर भी काम किया जाएगा।
इस साझेदारी पर टिप्पणी करते हुए रजनीश चोपड़ा ने कहा कि स्वास्थ्य और बेहतर जीवनशैली के क्षेत्र में लंबे समय तक विश्वास कायम करने के लिए उपभोक्ता शिक्षा बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने उद्योग और विशेषज्ञ संस्थानों के बीच सहयोग के माध्यम से वैज्ञानिक जानकारी को आम लोगों तक पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
आईटीसीएफएसएएन की स्थापना भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई), निर्यात निरीक्षण परिषद (ईआईसी) और विश्व बैंक की वैश्विक खाद्य सुरक्षा साझेदारी (जीएफएसपी) ने संयुक्त रूप से की है।
एमवे इंडिया ने कहा कि वह 90 से अधिक वर्षों के अनुभव वाले अपने पोषण ब्रांड न्यूट्रिलाइट के माध्यम से वैश्विक पोषण विशेषज्ञता का योगदान देगी। इसका उद्देश्य वैज्ञानिक तथ्यों पर आधारित उपभोक्ता शिक्षा को बढ़ावा देना, लोगों को खानपान से जुड़े सही और जागरूक विकल्प चुनने के लिए प्रोत्साहित करना तथा जिम्मेदार खाद्य व्यवहार को बढ़ावा देना है।
