सिलीगुड़ी और दार्जिलिंग में 25 सितंबर से शुरू होने जा रहा है कंचनजंगा टूरिज्म फेस्टिवल 2026

विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर आगामी 25 से 27 सितंबर तक सिलीगुड़ी और दार्जिलिंग में भव्य रूप से कंचनजंगा टूरिज्म फेस्टिवल 2026 का आयोजन किया जाने वाला है। आयोजकों का दावा है कि साल 2001 में शुरू हुए इस पारंपरिक उत्सव का इस बार का संस्करण अब तक का सबसे बड़ा आयोजन होने जा रहा है।’कल्चर कनेक्ट्स पीपल’ यानी संस्कृति लोगों को जोड़ती है—इसी मुख्य भावना को ध्यान में रखते हुए इस बार के उत्सव की रूपरेखा तैयार की गई है। इसके जरिए पर्यटन, संस्कृति, खेल, स्थानीय खान-पान, एडवेंचर और पहाड़ों की समृद्ध विरासत को दुनिया के सामने पेश किया जाएगा। साथ ही, इसके माध्यम से भारत, नेपाल, भूटान और बांग्लादेश के बीच सांस्कृतिक और आपसी रिश्तों को और मजबूत करने की पहल की गई है।

इस बार के इस उत्सव के साथ जीटीए भी जुड़ गया है और दार्जिलिंग के सांसद राजू विष्ट इस आयोजन के मुख्य संरक्षक हैं। इसके अलावा, पद्मश्री से सम्मानित भारतीय फुटबॉल के दिग्गज और पूर्व कप्तान बाईचुंग भूटिया को भी इस महोत्सव से जोड़ा गया है, जिससे इस कार्यक्रम का आकर्षण कई गुना बढ़ गया है। वहीं, इमर्जिंग नॉर्थ-ईस्ट इको फोरम इस महोत्सव का फेस्टिवल पार्टनर बना है।इस महोत्सव के तहत आगामी 26 सितंबर को सुबह 6 बजे दार्जिलिंग की ऐतिहासिक इमारतों और महत्वपूर्ण जगहों का मुआयना करने के लिए एक विशेष हेरिटेज वॉक ‘द क्वींस ट्रेल’ का आयोजन किया जाएगा, जो ऐतिहासिक दार्जिलिंग रेलवे स्टेशन पर जाकर समाप्त होगी। इसके अलावा, सोनाडा के सेल्सियन कॉलेज में जीटीए चौतारी मीट और एक्सपर्ट्स पैनल डिस्कशन का आयोजन किया गया है, जहां विशेषज्ञ जलवायु-अनुकूल पर्यटन, एडवेंचर, पहाड़ संरक्षण, पर्यटन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और वेलनेस टूरिज्म जैसे विषयों पर चर्चा करेंगे।

खेल और रोमांच के मोर्चे पर, सिलीगुड़ी जंक्शन से रंगटोंग तक 100 साइकिल चालकों को लेकर ‘पेडल विद डीएचआर’ का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा, ‘प्ले फॉर नेपाल’ चैरिटी फुटबॉल मैच में ईस्ट बंगाल वेटरंस और जीटीए 11 की टीमें आमने-सामने होंगी और इस टीम की कमान खुद बाईचुंग भूटिया संभालेंगे। आयोजक संस्था एसोसिएशन फॉर कंजर्वेशन ऑफ टूरिज्म की ओर से बताया गया है कि जिम्मेदार पर्यटन, स्थानीय संस्कृति के विकास, पर्यावरण संरक्षण और पहाड़ों की मूल विरासत को बनाए रखते हुए इस बार के महोत्सव को बहुत बड़े पैमाने पर आयोजित किया जा रहा है, जिससे सिलीगुड़ी और पहाड़ों के पर्यटन उद्योग में एक नया अध्याय जुड़ेगा।

By Sonakshi Sarkar