साल 2026 में नेटफ्लिक्स पर कई फिल्मों ने दस्तक दी, लेकिन एक भारतीय स्पाई एक्शन थ्रिलर ने अपनी कामयाबी से नया इतिहास रच दिया। बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई करने वाली इस फिल्म ने ‘पुष्पा 2’ और ‘बाहुबली’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों के रिकॉर्ड तक तोड़ दिए। अब फिल्म ने ओटीटी पर भी बड़ा मुकाम हासिल कर लिया है। यह दुनियाभर में 2026 की सबसे ज्यादा देखी जाने वाली नॉन-इंग्लिश फिल्म बन गई है। खास बात यह है कि नेटफ्लिक्स के सीईओ टेड सारानडोस ने भी फिल्म की जमकर तारीफ की है।
यहां बात हो रही है रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ की। एक्सप्रेस अड्डा से बातचीत में नेटफ्लिक्स के सीईओ टेड सारानडोस ने बताया कि ‘धुरंधर’ इस साल दुनियाभर में सबसे ज्यादा देखी जाने वाली नॉन-इंग्लिश फिल्म रही। उन्होंने कहा कि फिल्म ने कई इंग्लिश फिल्मों को भी पीछे छोड़ा और व्यूज के मामले में केवल अमेरिका और यूके से पीछे रही।
30 जनवरी 2026 को नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई ‘धुरंधर’ को जनवरी से जून के बीच 37 मिलियन व्यूज मिले। फिल्म ने 22 देशों में नेटफ्लिक्स की नंबर वन पोजिशन भी हासिल की। वहीं, इसके दूसरे पार्ट ‘धुरंधर: द रिवेंज’ को भी दुनियाभर के दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिली।
‘धुरंधर’ ने 25 दिसंबर 2025 को सिनेमाघरों में दस्तक दी थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म के दोनों पार्ट करीब 250 से 255 करोड़ रुपये के बजट में तैयार किए गए थे। पहले पार्ट ने दुनियाभर में 1350.83 से 1428 करोड़ रुपये के बीच कमाई की। इसके बाद 19 मार्च 2026 को रिलीज हुए दूसरे पार्ट ‘धुरंधर: द रिवेंज’ ने दुनियाभर में 1852.44 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। दोनों फिल्मों की कुल कमाई 3000 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गई।
आदित्य धर के निर्देशन में बनी ‘धुरंधर’ एक स्पाई एक्शन थ्रिलर फिल्म है। इसमें रणवीर सिंह के साथ अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, आर. माधवन, अक्षय खन्ना, सारा अर्जुन, राकेश बेदी, गौरव गेरा और दानिश पंडोर जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आए।
