माटीगाड़ा के सिटी सेंटर में अधिकारियों ने जांची अग्निशमन व्यवस्था, सुरक्षा पर दिया गया विशेष जोर

सिलीगुड़ी के माटीगाड़ा स्थित सिटी सेंटर में अधिकारियों की मौजूदगी में अग्निशमन व्यवस्था की उच्चस्तरीय जांच की गई है। अग्निकांड जैसी आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए शॉपिंग मॉल की सुरक्षा व्यवस्था कितनी प्रभावी और चाक-चौबंद है, इसका जायजा संबंधित अधिकारियों द्वारा लिया गया है।

निरीक्षण के दौरान मुख्य रूप से अग्निशामक यंत्रों (फायर एक्सटिंग्विशर), आपातकालीन निकास मार्गों (इमरजेंसी एग्जिट) और अन्य सुरक्षा उपकरणों की बारीकी से जांच की गई। सूत्रों के अनुसार, हाल ही में राज्य के अलग-अलग हिस्सों में सामने आई आग लगने की घटनाओं के बाद प्रशासन सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सतर्क हो गया है।

इसी सिलसिले में प्रशासनिक कार्रवाई के तहत सिटी सेंटर में यह औचक निरीक्षण किया गया है। अधिकारियों के इस अभियान का मुख्य उद्देश्य मॉल की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करना है ताकि किसी भी अनहोनी से प्रभावी तरीके से निपटा जा सके।

By Sonakshi Sarkar