इंडिया यामाहा मोटर प्राइवेट लिमिटेड ने आज अपनी स्टाइलिश फसिनो 125 Fi हाइब्रिड (Fascino 125 Fi Hybrid) के डिजाइन में एक बड़े अपग्रेड की घोषणा की है। यह बदलाव आज के युवाओं और स्टाइल को पसंद करने वाले ग्राहकों की बदलती पसंद को पूरा करने की यामाहा की प्रतिबद्धता को और मजबूत करता है। आधुनिक जीवनशैली और फैशन को ध्यान में रखकर तैयार किए गए नए फसिनो का आकार अब काफी कॉम्पैक्ट और आधुनिक है, जो युवा पीढ़ी को खूब पसंद आएगा। यह स्कूटर अब पहले से कहीं ज्यादा ट्रेंडी है और इसकी रियर लंबाई कम होने की वजह से यह काफी चुस्त नजर आता है, जिससे शहर की भीड़भाड़ में इसे चलाना और मोड़ना बेहद आसान हो जाता है।
अपडेटेड फसिनो की सबसे बड़ी खासियत इसका नया रियर डिजाइन है, जिसे आज के जमाने की पसंद के हिसाब से नया रूप दिया गया है। नया स्कल्प्टेड टेल सेक्शन, नए डिजाइन की टेललाइट्स, फ्लैशर्स और यामाहा की खास ‘वी-आइकॉनिक’ टेललाइट डिजाइन के साथ अब इस स्कूटर का पिछला हिस्सा और भी शानदार, प्रीमियम और संतुलित लगता है।
परफॉर्मेंस और माइलेज के मामले में फसिनो के मूल डीएनए को बरकरार रखते हुए, इसके डिजाइन को और भी परिष्कृत बनाया गया है। इसकी स्टाइलिंग ऐसी है कि यह स्कूटर चलते हुए और खड़ा रहने पर, दोनों ही स्थितियों में भीड़ से अलग नजर आता है। नए ग्राफिक्स सहित इन सभी बदलावों की कल्पना और डिजाइन यामाहा की भारतीय आरएंडडी टीम ने भारत में ही की है। ये बदलाव सीधे तौर पर ग्राहकों के फीडबैक का नतीजा हैं, जो यामाहा के ग्राहक-केंद्रित और डिजाइन-आधारित नजरिये को एक बार फिर साबित करते हैं।
इस अपग्रेड के बारे में बात करते हुए, यामाहा मोटर इंडिया ग्रुप के चेयरमैन, श्री हाजिमे आओता ने कहा, “यामाहा फसिनो का सफर हमारे ग्राहकों की बदलती जरूरतों के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने के हमारे अटूट समर्पण को दर्शाता है। जहाँ 15 लाख यूनिट्स के उत्पादन का यह पड़ाव हमारे प्रोडक्ट्स पर लोगों के भरोसे का एक मजबूत प्रमाण है, वहीं हम नई संभावनाओं को तलाशने के लिए भी लगातार प्रतिबद्ध हैं। आज के युवाओं की पसंद अब स्टाइल के मामले में ज्यादा विविध और परिष्कृत होती जा रही है, इसीलिए नए फसिनो को सोच-समझकर एक ऐसे ‘ट्रेंडसेटिंग’ और ‘यूनिसेक्स मोबिलिटी सॉल्यूशन’ के रूप में बदला गया है जो हर किसी की पसंद बने। हमारी भारत स्थित आरएंडडी टीम के नेतृत्व में हुआ यह विकास सुनिश्चित करता है कि इसका नया शानदार डिज़ाइन और भरोसेमंद हाइब्रिड परफॉर्मेंस उन सभी राइडर्स के मन को भाए, जो इनोवेशन और व्यवहारिकता का बेहतरीन तालमेल चाहते हैं। हमें पूरा विश्वास है कि फसिनो का यह नया अध्याय भारत में शहरी कम्यूटिंग के मानकों को एक नई परिभाषा देगा।”
