जेएसडब्ल्यू स्टील लिमिटेड ने अपनी तीन पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनियों का विलय सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। कंपनी की ओर से स्टॉक एक्सचेंज को दी गई जानकारी के मुताबिक, यह विलय 1 अगस्त 2026 से प्रभावी हो गया है। इसके साथ ही इन तीनों कंपनियों का अलग कानूनी अस्तित्व समाप्त हो गया है।
कंपनी ने बताया कि नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल (NCLT) की मुंबई पीठ ने 2 जुलाई 2026 को इस विलय योजना को मंजूरी दी थी। बाद में 15 जुलाई 2026 को संशोधित आदेश जारी किया गया। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करते हुए इन आदेशों की प्रमाणित प्रतियां रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज (RoC), मुंबई में जमा करा दी गई हैं।
जेएसडब्ल्यू स्टील में जिन तीन कंपनियों का विलय किया गया है, उनमें अंबा रिवर कोक लिमिटेड (ARCL), मोनेट सीमेंट लिमिटेड (MCL) और जेएसडब्ल्यू रिटेल एंड डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड (JRDL) शामिल हैं।
इस विलय योजना की नियुक्त तिथि 1 अप्रैल 2026 तय की गई थी, जबकि 1 अगस्त 2026 से इसे पूरी तरह लागू कर दिया गया है। कंपनी का कहना है कि इस कदम का उद्देश्य ग्रुप के कॉर्पोरेट ढांचे को सरल बनाना और परिचालन क्षमता को बेहतर बनाना है।
विलय के बाद तकनीकी संसाधनों, कर्मचारियों और विशेषज्ञता का बेहतर उपयोग किया जा सकेगा। साथ ही प्रशासनिक और परिचालन खर्च में कमी आएगी, अनुपालन संबंधी प्रक्रियाएं आसान होंगी और समूह स्तर पर वित्तीय प्रबंधन भी अधिक प्रभावी बनेगा।
चूंकि तीनों कंपनियां पहले से ही जेएसडब्ल्यू स्टील की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनियां थीं, इसलिए इस विलय के बदले कोई नए शेयर जारी नहीं किए जाएंगे। विलय प्रभावी होने के साथ ही इन कंपनियों के शेयर प्रमाणपत्र स्वतः रद्द हो गए हैं और बिना परिसमापन की प्रक्रिया के इनका स्वतंत्र अस्तित्व समाप्त हो गया है।
