सिलीगुड़ी में धूमधाम से मनाया गया ईस्ट बंगाल दिवस: पर्यटन मंत्री शंकर घोष ने कंचनजंघा स्टेडियम का कायाकल्प करने का दिया आश्वासन

ध्वजारोहण, केक काटने और फुटबॉल प्रेमियों के भारी उत्साह के बीच सिलीगुड़ी में ‘ईस्ट बंगाल दिवस’ धूमधाम से मनाया गया। भारतीय फुटबॉल के सबसे ऐतिहासिक क्लबों में से एक, ईस्ट बंगाल ने अपने गठन के 107वें वर्ष में प्रवेश किया है। इसी अवसर पर ‘सिलीगुड़ी ईस्ट बंगाल फैंस क्लब’ ने ईस्ट बंगाल क्लब की 107वीं वर्षगांठ और फैंस क्लब की 10वीं वर्षगांठ को संयुक्त रूप से मनाया। लाल-पीले रंग के समर्थकों के इस विशेष कार्यक्रम में राज्य के पर्यटन मंत्री शंकर घोष मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कंचनजंघा स्टेडियम को लेकर बड़ा ऐलान:

कार्यक्रम में शामिल होकर पर्यटन मंत्री ने शहर के ऐतिहासिक कंचनजंघा स्टेडियम की मौजूदा जर्जर स्थिति पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही इस स्टेडियम को एक नया और आधुनिक रूप दिया जाएगा। खेल विभाग को सौंपने की पहल: मंत्री ने बताया कि स्टेडियम का उचित रखरखाव और आधुनिक विकास सुनिश्चित करने के लिए इसे नगर निगम के अधिकार क्षेत्र से निकालकर राज्य खेल विभाग को सौंपने की प्रक्रिया पर विचार किया जा रहा है।स्पोर्ट्स म्यूजियम का सौंदर्यीकरण: उन्होंने स्टेडियम में स्थित ‘क्रीड़ा दीप्ति स्पोर्ट्स म्यूजियम’ को भी नए सिरे से सजाने और संवारने की घोषणा की।

युवा पीढ़ी को खेल के मैदान से जुड़ने का संदेश :

कार्यक्रम के दौरान पर्यटन मंत्री शंकर घोष ने नई पीढ़ी को डिजिटल स्क्रीन की दुनिया से बाहर निकलकर मैदान में आने और खेलकूद से जुड़ने का संदेश दिया। फैंस क्लब के सदस्यों ने क्लब का झंडा फहराकर और केक काटकर इस दिन का जश्न मनाया।

By Sonakshi Sarkar