मार्क जुकरबर्ग बने आयरिश महल के मालिक, 200 साल पुराने किले को खरीदा

मेटा के सीईओ मार्क जुकरबर्ग और उनके परिवार ने आयरलैंड में एक ऐतिहासिक प्रॉपर्टी खरीदी है। अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जुकरबर्ग ने काउंटी वॉटरफोर्ड में स्थित करीब 200 साल पुराने स्ट्रैंकली कैसल को अपने नाम कर लिया है।

तीन मंजिला यह आलीशान महल गॉथिक रिवाइवल शैली में बना है और डबलिन से करीब 150 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इसे 1827 में एक अंग्रेज राजनेता के लिए तैयार किया गया था। पिछले करीब दो दशकों में इसके पूर्व मालिकों ने महल की बड़े स्तर पर मरम्मत और नवीनीकरण कराया है।

बताया जा रहा है कि यह सौदा ऑफ-मार्केट डील के जरिए एलेन-बकली परिवार से हुआ। इसी वजह से प्रॉपर्टी की आधिकारिक कीमत सामने नहीं आई है। इसके पूर्व मालिकों में माइकल एलेन-बकली भी शामिल रहे हैं, जो लंदन की प्राइवेट इन्वेस्टमेंट फर्म आरएबी कैपिटल के सह-संस्थापक हैं।

जुकरबर्ग के प्रतिनिधि के मुताबिक, मार्क और उनका परिवार इस ऐतिहासिक घर की देखभाल जारी रखने को लेकर उत्साहित हैं। परिवार आयरलैंड में अपने प्रवास के दौरान इस प्रॉपर्टी का इस्तेमाल करेगा।

आयरलैंड में मेटा का बड़ा कारोबार है और कंपनी के करीब 1,500 कर्मचारी यहां काम करते हैं। डबलिन में मेटा का अंतरराष्ट्रीय मुख्यालय है, जबकि कॉर्क में वर्चुअल और ऑगमेंटेड रियलिटी से जुड़ा कारोबार संचालित होता है। डबलिन के बाहर कंपनी का एक डेटा सेंटर भी मौजूद है।

फिलहाल इस खरीद की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है, लेकिन स्थानीय और अंतरराष्ट्रीय मीडिया में जुकरबर्ग के इस आलीशान महल को खरीदने की खबर चर्चा में है।

By sunny