पुलवामा में आतंक पर भारी पड़ा क्रिकेट का जुनून, युवाओं में दिखा खेल का खुमार

कभी आतंक का गढ़ और आतंकी हिंसा से प्रभावित रहे पुलवामा में इन दिनों क्रिकेट का जुनून युवाओं के सिर चढ़कर बोल रहा है। डे-नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट में उमड़ रही हजारों की भीड़ कश्मीर में हो रहे बदलाव की तस्वीर पेश कर रही है। शुक्रवार को पुलवामा स्टेडियम में ‘रॉयल प्रीमियर लीग’ के तहत खेले गए मुकाबले में घाटी के क्रिकेटरों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

स्टेडियम में उमड़ी भीड़ को देखकर प्रशासन से लेकर पुलिस तक हैरान है। पिछले दो मुकाबले रात करीब दो बजे तक चले और दर्शक भी पूरे उत्साह के साथ मैदान में डटे रहे। जम्मू-कश्मीर स्पोर्ट्स काउंसिल की ओर से आयोजित इस लीग में कुल 10 टीमें हिस्सा ले रही हैं। शुक्रवार को वैली स्टार गांदरबल और एल नूर किंग्स पुलवामा के बीच मुकाबला देखने के लिए 20 हजार से ज्यादा दर्शक स्टेडियम पहुंचे।

भीड़ का उत्साह इस कदर था कि कुछ दर्शकों ने डिग्री कॉलेज की दीवार पर चढ़कर मैच का आनंद लिया। रात करीब आठ बजे फ्लड लाइट्स जलते ही स्टेडियम तालियों और नारों से गूंज उठा। कहीं ढोल की थाप पर युवा थिरकते नजर आए तो कहीं डीजे की धुन पर जश्न मनाया गया। चौकों और छक्कों पर गूंजती तालियां घाटी के बदलते माहौल और युवाओं की बदलती पसंद की कहानी बयां कर रही थीं।

आयोजक इरफान सरकार ने कहा कि उन्हें इस आयोजन के सफल रहने की पूरी उम्मीद है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने कार्यक्रम ‘मन की बात’ में भी इस लीग के पहले संस्करण का जिक्र किया था। उनके मुताबिक, यह कश्मीर की नई पीढ़ी की नई उम्मीदों और देश के प्रति उसके जुड़ाव को दर्शाता है।

वहीं, क्रिकेट प्रेमी मुदस्सर ने कहा कि स्टेडियम में युवाओं और परिवारों की भारी मौजूदगी इस बात का संकेत है कि घाटी अब शांति, खेल और प्रगति की राह पर आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि युवा अब किसी के बहकावे में आने वाले नहीं हैं और तालीम के साथ तरक्की भी चाहते हैं।

By sunny