सुप्रीम कोर्ट के फैसले से बाइक टैक्सी क्षेत्र को मिली राहत, रैपिडो ने किया स्वागत

रैपिडो ने बाइक टैक्सी मामले में कर्नाटक सरकार द्वारा दायर विशेष अनुमति याचिका (एसएलपी) को खारिज करने के सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत किया है। कंपनी ने इसे एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम बताते हुए कहा कि इससे पूरे देश में बाइक टैक्सी क्षेत्र को लेकर नियामकीय स्पष्टता और निश्चितता बढ़ने का रास्ता खुल सकता है।

कंपनी के अनुसार, यह फैसला बाइक टैक्सी सेवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। बाइक टैक्सी कम दूरी की यात्रा और परिवहन के पहले तथा अंतिम चरण (फर्स्ट एवं लास्ट माइल कनेक्टिविटी) के लिए एक अहम साधन बनकर उभरी हैं। इसके साथ ही, यह सेवा लाखों कैप्टन को लचीले तरीके से कमाई के अवसर भी प्रदान करती है।

रैपिडो के सह-संस्थापक पवन गुन्टुपल्ली ने कहा कि इस फैसले से कर्नाटक में बाइक टैक्सी सेवाओं को लेकर महत्वपूर्ण स्पष्टता मिली है और देश के परिवहन तंत्र में इनके एकीकरण के लिए मजबूत आधार तैयार हुआ है। उन्होंने कहा कि बाइक टैक्सी भीड़भाड़ वाले शहरों में आवागमन की परेशानियों को कम करने और शहरी परिवहन संपर्क को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।

गुन्टुपल्ली ने कहा कि दोपहिया वाहन भारत में परिवहन के सबसे सुलभ साधनों में शामिल हैं। इनके माध्यम से यात्रियों, कैप्टन और शहरों के लिए आर्थिक अवसर पैदा किए जा सकते हैं।

उन्होंने आगे कहा कि रैपिडो इस सेवा को सुरक्षित, जिम्मेदार और नियमन के अनुरूप विकसित करने के लिए कर्नाटक सरकार के साथ मिलकर काम करने को लेकर उत्सुक है।

कंपनी ने बताया कि बाइक टैक्सी मौजूदा सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था का पूरक बन सकती हैं। इनमें बस, मेट्रो, ऑटो रिक्शा और कैब सेवाएं शामिल हैं। विशेष रूप से बेंगलुरु जैसे शहरों में ये सेवाएं यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान कर सकती हैं। रैपिडो ने कहा कि वह बाइक टैक्सी क्षेत्र के जिम्मेदार विस्तार में सहयोग देने के लिए अपनी तकनीक, परिचालन अनुभव और सुरक्षा प्रणालियों का उपयोग जारी रखेगी।

By Business Bureau