8वें केंद्रीय वेतन आयोग (8th Central Pay Commission) 31 अगस्त और 1 सितंबर को जयपुर में केंद्रीय कर्मचारी संगठनों के साथ अहम बैठक करेगा। इस दौरान आयोग कर्मचारी प्रतिनिधियों से सीधे संवाद कर उनकी मांगों और सुझावों पर चर्चा करेगा। हालांकि, इस बैठक में केवल उन्हीं संगठनों को शामिल होने का अवसर मिलेगा, जिन्होंने पहले आयोग को अपना मेमोरेंडम सौंपा है, लेकिन अब तक उनके साथ आयोग की बैठक नहीं हुई है।
आयोग की ओर से जारी सूचना के अनुसार, राजस्थान में स्थित या पंजीकृत केंद्रीय कर्मचारी संगठन, फेडरेशन और यूनियन इस बैठक के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए संबंधित संगठन का पहले से आयोग को मेमोरेंडम भेजना जरूरी है और आयोग के साथ उसकी अब तक कोई बैठक नहीं हुई होनी चाहिए।
बैठक में भाग लेने के इच्छुक पात्र संगठनों को आयोग के ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपॉइंटमेंट के लिए आवेदन करना होगा। आवेदन की अंतिम तिथि 18 अगस्त 2026 तय की गई है। आवेदन करते समय मेमोरेंडम जमा करने के दौरान प्राप्त Unique Memo ID दर्ज करना अनिवार्य होगा। चयनित संगठनों को बैठक का समय और स्थान ईमेल के जरिए भेजा जाएगा।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि जयपुर में आयोजित यह बैठक केवल राजस्थान के हितधारकों के लिए है। अन्य राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के कर्मचारी संगठनों से इस बैठक के लिए आवेदन नहीं करने को कहा गया है। आयोग ने बताया कि आने वाले समय में अन्य राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में भी इसी तरह की बैठकें आयोजित की जाएंगी, जिनकी जानकारी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर अलग से जारी की जाएगी।
8वां केंद्रीय वेतन आयोग अपनी सिफारिशें तैयार करने से पहले देशभर के कर्मचारी संगठनों से सुझाव और राय जुटा रहा है। इसी प्रक्रिया के तहत विभिन्न राज्यों में बैठकें आयोजित की जा रही हैं, जिनमें वेतन, भत्तों, सेवा शर्तों और पेंशन से जुड़े मुद्दों पर कर्मचारी संगठनों के विचार लिए जाएंगे। इन सुझावों के आधार पर आयोग अपनी अंतिम सिफारिशें तैयार करेगा।
ऐसे में जयपुर में होने वाली यह बैठक उन पात्र कर्मचारी संगठनों के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जिन्हें आयोग के समक्ष सीधे अपनी बात रखने और सुझाव देने का अवसर मिलेगा।
