जीवन बीमा देता है दीर्घकालिक मूल्य, इसके लाभ सामयिक चिंताओं की तुलना में कहीं अधिक बड़े हैं

जीवन बीमा उद्योग जीवन बीमा की अधिक संतुलित समझ की आवश्यकता पर प्रकाश डाल रहा है। उद्योग का जोर इस बात पर है कि इसके वित्तीय सुरक्षा, संरक्षा और अनुशासित बचत जैसे दीर्घकालिक लाभ उन छिटपुट चिंताओं की तुलना में कहीं अधिक बड़े हैं जो कभी-कभी सामने आती हैं, जिनमें मिस-सेलिंग यानी गलत तरीके से पॉलिसी बेचने के मामले भी शामिल हैं। इंश्योरेंस अवेयरनेस कमेटी – लाइफ इंश्योरेंस ग्राहकों और हितधारकों को प्रोत्साहित करती है कि वे जीवन बीमा को तत्काल या अल्पकालिक परिणामों के चश्मे से देखने के बजाय एक दीर्घकालिक वित्तीय सुरक्षा उपकरण के रूप में देखें। इंश्योरेंस अवेयरनेस कमेटी के अध्यक्ष कमलेश राव ने कहा, “जीवन बीमा को समय के साथ मूल्य प्रदान करने के लिए डिज़ाइन किया गया है—वित्तीय सुरक्षा, परिवारों के लिए संरक्षण और अनुशासित बचत के माध्यम से। हालांकि मिस-सेलिंग जैसी चिंताएं मौजूद हैं और उद्योग द्वारा इनका समाधान किया जाना आवश्यक है, लेकिन वे पूरे इकोसिस्टम का एक बहुत छोटा हिस्सा हैं, जो लाखों पॉलिसीधारकों को महत्वपूर्ण मूल्य देना जारी रखे हुए है।”

महत्वपूर्ण रूप से, जीवन बीमा एकमात्र ऐसा वित्तीय उपकरण है जो ‘फ्री-लुक पीरियड’ की सुविधा देता है। यह सुविधा पॉलिसीधारकों को खरीद के बाद अपनी पॉलिसी की समीक्षा करने और यदि वे महसूस करते हैं कि यह उनकी आवश्यकताओं को पूरा नहीं करती है, तो एक निश्चित समय सीमा के भीतर इसे वापस करने की अनुमति देती है। यह विशेषता खरीद के समय पारदर्शिता और ग्राहक सुरक्षा की एक अतिरिक्त परत प्रदान करती है। जीवन बीमा उत्पादों को दीर्घकालिक रूप से बनाए रखने के लिए तैयार किया जाता है और इसके परिणाम इसी जीवनचक्र से जुड़े होते हैं। जब पॉलिसियों का मूल्यांकन समय से पहले किया जाता है, तो इन लाभों का पूरा दायरा तुरंत स्पष्ट नहीं हो पाता है। श्री राव ने आगे कहा, “अल्पकालिक दृष्टिकोण के माध्यम से दीर्घकालिक वित्तीय समाधानों का आकलन करने से उनके समग्र मूल्य के बारे में अधूरे निष्कर्ष निकल सकते हैं।” जीवन बीमा का मुख्य उद्देश्य जीवन की महत्वपूर्ण घटनाओं के दौरान वित्तीय सुरक्षा प्रदान करना है। अकेले वित्तीय वर्ष 2024-25 में, उद्योग ने दावों के रूप में ₹6.3 लाख करोड़ से अधिक का भुगतान किया, जिसमें मृत्यु लाभ, मैच्योरिटी, वार्षिकी (एन्युटी) और विड्रॉल शामिल हैं—जिसने लाखों परिवारों को महत्वपूर्ण वित्तीय सहायता प्रदान की।

जहाँ बाजार से जुड़े उपकरण (मार्केट-लिंक्ड इंस्ट्रूमेंट्स) धन सृजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, वहीं जीवन बीमा एक अलग उद्देश्य को पूरा करता है—यह आय सुरक्षा, वित्तीय निरंतरता और दीर्घकालिक वित्तीय अनुशासन प्रदान करता है। समग्र वित्तीय योजना के लिए ये पूरक भूमिकाएं आवश्यक हैं। इंश्योरेंस अवेयरनेस कमेटी बीमाकर्ताओं, मध्यस्थों और उपभोक्ताओं सहित सभी हितधारकों से अपनी उम्मीदों को जीवन बीमा की दीर्घकालिक प्रकृति के अनुरूप बनाने और समय के साथ इसके द्वारा मिलने वाले व्यापक मूल्य को पहचानने का आग्रह करती है।

इंश्योरेंस अवेयरनेस कमेटी – लाइफ इंश्योरेंस के बारे में:

भारत की 87% आबादी अभी भी एक बड़े जीवन बीमा संरक्षण अंतर (प्रोटेक्शन गैप) से जूझ रही है, जो लगातार बढ़ रहा है और 18 से 35 वर्ष की आयु के लोगों में यह 90% से अधिक है। यह बढ़ती संवेदनशीलता परिवारों की वित्तीय सुरक्षा और  आकांक्षाओं के लिए एक खतरा है।

हमारे समाज के सामाजिक-आर्थिक लचीलेपन और सुरक्षा को बनाए रखने के लिए इस चुनौती का युद्ध स्तर पर समाधान करना अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस मुद्दे पर कार्रवाई करने के लिए लाइफ इंश्योरेंस काउंसिल के तत्वावधान में इंश्योरेंस अवेयरनेस  कमेटी का गठन किया गया था। वर्ष 2019 में गठित इस कमेटी में एजेंडे का नेतृत्व करने के लिए नामांकित छह मुख्य कार्यकारी अधिकारियों के मार्गदर्शन में योगदान देने के लिए 24 लाइफ इंश्योरेंस कंपनियां एक साथ आई हैं। क्रिएटिव व मीडिया एजेंसियों द्वारा समर्थित एक क्रॉस-इंडस्ट्री मार्केटिंग टीम से युक्त यह कमेटी देश भर में ऐसे अभियानों पर शोध, योजना, निर्माण और तैनाती करती है जो जीवन बीमा उत्पादों के प्रति जागरूकता, समझ और विचार को बढ़ावा देते हैं।

By Business Bureau