शुरुआती ब्रेस्ट कैंसर का पता चलना किसी भी महिला के लिए भावनात्मक रूप से कठिन हो सकता है। इलाज की चिंता के साथ-साथ मन में कई सवाल उठते हैं—क्या कैंसर दोबारा लौट आएगा? क्या जिंदगी पहले जैसी सामान्य हो पाएगी? नौकरी, परिवार और भविष्य की योजनाओं पर इसका क्या असर पड़ेगा?
हालांकि कैंसर के दोबारा होने की चिंता पूरी तरह जायज है, क्योंकि कुछ मामलों में कैंसर के दोबारा होने का खतरा 50% तक हो सकता है, लेकिन अब ब्रेस्ट कैंसर के इलाज में काफी बदलाव आया है। आज डॉक्टर हर मरीज की बीमारी की प्रकृति और उसके जोखिम को ध्यान में रखकर इलाज की योजना बनाते हैं। इससे इलाज अधिक असरदार होता है और महिलाएं अपने काम, परिवार और जीवन के लक्ष्यों के साथ आगे बढ़ सकती हैं। साथ-साथ कैंसर के दोबारा होने के जोखिम को भी कम कर सकती हैं।
कोलकाता स्थित नारायणा हेल्थ के मेडिकल ऑन्कोलॉजी विभाग के हेड एकेडमिक्स, डॉ. एम. वी. चंद्रकांत ने कहा,“शुरुआती ब्रेस्ट कैंसर का इलाज केवल बीमारी को खत्म करने तक सीमित नहीं है। हमारा लक्ष्य यह भी होता है कि कैंसर दोबारा न लौटे और मरीज की जीवनशैली व जीवन की गुणवत्ता बनी रहे। जांच और इलाज के क्षेत्र में हुई प्रगति से अब हर मरीज की बीमारी और उसके जोखिम के अनुसार इलाज तय करना संभव हो गया है। इसके साथ ही मरीजों को सही जानकारी देना और इलाज के बाद लंबे समय तक उनकी देखभाल करना भी उतना ही जरूरी है। इससे वे आत्मविश्वास के साथ फैसले ले पाते हैं और स्वस्थ, संतुलित जीवन जी सकते हैं।”
ये पांच अहम बातें महिलाओं को शुरुआती ब्रेस्ट कैंसर का बेहतर ढंग से सामना करने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने में मदद कर सकती हैं।
1. हर मरीज में दोबारा होने का खतरा एक जैसा नहीं होता
शुरुआती ब्रेस्ट कैंसर के हर मरीज का जोखिम अलग होता है। ट्यूमर का आकार, लिम्फ नोड्स का प्रभावित होना, हार्मोन रिसेप्टर और HER2 जैसी जांचों के आधार पर डॉक्टर यह समझते हैं कि कैंसर दोबारा होने की संभावना कितनी है। जब आपको अपने जोखिम की सही जानकारी होती है, तो इलाज से जुड़े फैसले लेना भी आसान हो जाता है।
2. अपने कैंसर के मुताबिक इलाज के विकल्पों पर बात करें
ब्रेस्ट कैंसर का कोई एक तय इलाज नहीं है। हर मरीज के लिए उपचार उसकी बीमारी की प्रकृति के अनुसार चुना जाता है। जरूरत के हिसाब से सर्जरी, रेडिएशन, हार्मोन थेरेपी, कीमोथेरेपी, टार्गेटेड थेरेपी या इनका मिश्रण अपनाया जा सकता है। कोशिश यही रहती है कि मरीज को सबसे प्रभावी इलाज मिले और अनावश्यक उपचार से बचाया जा सके।
3. नए इलाज के विकल्पों की जानकारी रखें
पिछले कुछ वर्षों में शुरुआती ब्रेस्ट कैंसर के इलाज में कई नए विकल्प जुड़े हैं। जिन महिलाओं के लिए यह उपयुक्त हो, उनके लिए टार्गेटेड थेरेपी और लंबे समय तक चलने वाली एडजुवेंट थेरेपी कैंसर के दोबारा होने की आशंका कम करने में मददगार साबित हो सकती है। ये उपचार बीमारी से जुड़े खास जैविक कारणों पर असर डालते हैं।
4. इलाज के दौरान होने वाली परेशानियों को नजरअंदाज न करें
इलाज के दौरान थकान, जोड़ों में दर्द, नींद न आना, मतली या मानसिक तनाव जैसी दिक्कतें होना सामान्य बात है। लेकिन इन्हें चुपचाप सहते रहने की जरूरत नहीं है। सही दवाओं, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, काउंसलिंग और अन्य सहयोगी सेवाओं की मदद से इन परेशानियों को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है। इसलिए अपनी हर समस्या डॉक्टर से खुलकर साझा करें।
5. अपने करियर, परिवार और जीवन के लक्ष्यों को बातचीत का हिस्सा बनाएं
आजकल ब्रेस्ट कैंसर के इलाज में इस बात का पूरा ख्याल रखा जाता है कि मरीज सिर्फ एक बीमारी नहीं है, बल्कि उसकी अपनी एक जिंदगी भी है। अब इलाज तय करते समय आपकी नौकरी, बिजनेस, परिवार को संभालने की जिम्मेदारी, आपके सपनों और आने वाले कल की योजनाओं का भी पूरा ध्यान रखा जाता है। चाहे वह काम पर जाना हो, बच्चों की परवरिश करना हो, घर के बुजुर्गों की देखभाल करना हो या लाइफ के किसी बड़े इवेंट की प्लानिंग करनी हो—ये सभी बातें बहुत मायने रखती हैं। अपनी मेडिकल टीम से इस बारे में खुलकर बात करें, ताकि वे एक ऐसा ट्रीटमेंट प्लान तैयार कर सकें जो आपके इलाज के साथ-साथ आपके निजी लक्ष्यों के भी अनुकूल हो।
शुरुआती ब्रेस्ट कैंसर का पता चलना जीवन की दिशा जरूर बदल सकता है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि जिंदगी थम जाती है। सही इलाज, समय पर देखभाल और परिवार व डॉक्टरों के सहयोग से महिलाएं न केवल अपने भविष्य को सुरक्षित बना सकती हैं, बल्कि आज की जिंदगी भी पूरे आत्मविश्वास और उत्साह के साथ जी सकती हैं।
