कोलकाता के छात्रों ने शैक्षणिक वर्ष 2025–26 की साइंस ओलंपियाड फाउंडेशन परीक्षाओं में शीर्ष अंतर्राष्ट्रीय रैंक हासिल कर शहर का नाम रोशन किया है। इस वर्ष ओलंपियाड में दुनिया भर के 72 देशों के लाखों छात्रों ने हिस्सा लिया था, जिसमें अकेले कोलकाता से एक लाख से अधिक छात्र शामिल हुए थे। शीर्ष स्थान हासिल करने वाले मेधावियों में, बी.डी.एम. इंटरनेशनल के कक्षा 12 के छात्र सब्यसाची लस्कर ने नेशनल साइंस ओलंपियाड में रैंक 1 हासिल कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। जी.डी. बिड़ला सेंटर फॉर एजुकेशन की कक्षा 12 की छात्रा राजनंदिनी चटर्जी ने भी इंटरनेशनल इंग्लिश ओलंपियाड में रैंक 1 प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीता है। वहीं, दिल्ली पब्लिक स्कूल मेगासिटी की कक्षा 5 की छात्रा समारा सिन्हा ने नेशनल साइंस ओलंपियाड में रैंक 3 हासिल कर कांस्य पदक जीता है। इन सभी विजेताओं को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए।
सफल छात्रों ने नई दिल्ली के डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित ’28वें एसओएफ अंतर्राष्ट्रीय वार्षिक पुरस्कार समारोह’ में भाग लिया, जहां सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस विजय बिश्नोई की गरिमामयी उपस्थिति में उन्हें सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम में अन्य गणमान्य व्यक्तियों में प्रो. वाई.एस. राजन, सीबीएसई सचिव हिमांशु गुप्ता और डॉ. प्रवीण गुप्ता भी शामिल थे।
एसओएफ के संस्थापक और निदेशक महाबीर सिंह ने छात्रों, अभिभावकों और स्कूलों को बधाई देते हुए कहा कि ये उपलब्धियां उनके समर्पण, दृढ़ता और मजबूत शैक्षणिक सहयोग को दर्शाती हैं। उन्होंने आगे कहा कि ये ओलंपियाड दुनिया भर के छात्रों में तार्किक सोच और शैक्षणिक उत्कृष्टता को बढ़ावा देना जारी रखेंगे।
