गयाजी के मानपुर में सेंट्रल नारकोटिक्स की रेड

गयाजी के मानपुर बुनियादगंज इलाके में बुधवार देर रात सेंट्रल नारकोटिक्स विभाग की टीम ने एक घर में छापेमारी की। यह कार्रवाई खंजाहापुर मोहल्ले के वार्ड संख्या 47 में की गई। नारकोटिक्स की टीम अत्याधुनिक असलहे के साथ रेड करने पहुंची थी। खास बात यह कि शुरुआत में बुनियादगंज थाने को भी भनक नहीं लगी थी। टीम सेंट्रल ब्यूरो ऑफ नारकोटिक्स की नीमच (मध्य प्रदेश) शाखा की थी। उसी ने गोपनीय कार्रवाई की। छापेमारी बुद्ध प्रतिमा के पास स्थित मुखलाल यादव के मकान में हुई। मौके से एक युवक को हिरासत में लिया गया है। हालांकि न तो हिरासत में लिए गए युवक की पहचान सार्वजनिक की गई है और न ही बरामद सामग्री को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है। जानकारी के मुताबिक, छापेमारी करने आई टीम अपने साथ एक व्यक्ति को भी साथ लेकर आई थी। जिसकी निशानदेही पर मकान के अंदर रखी गई संदिग्ध दवाओं की पहचान की गई। इसके बाद अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए वहां मौजूद सभी दवाओं को अपने कब्जे में ले लिया और विधिवत रूप से किराए वाले कमरे को सील कर दिया। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, इस किराए के मकान से बहुत बड़ी मात्रा में संदिग्ध और कथित नकली दवाएं बरामद हुई है। हालांकि सेंट्रल नारकोटिक्स या किसी अन्य आधिकारिक एजेंसी की तरफ से देर रात तक इस बारे में आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई थी। अधिकारियों ने फिलहाल चुप्पी साध रखी है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुट गई है कि इन दवाओं का भंडारण किस नीयत से किया गया था। क्या इसके पीछे कोई बड़ा सिंडिकेट काम कर रहा है। कौन-कौन इसमें शामिल है। यह नेटवर्क कहां-कहां तक फैला है, इसकी भी थाह ली जा रही है।
सूत्रों का कहना है कि इस मामले में कुछ लोगों से पूछताछ भी जारी है और जरूरी दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही यह पूरी तरह साफ हो पाएगा कि दवाएं वाकई नकली या प्रतिबंधित हैं और इस खेल में कौन-कौन लोग शामिल हैं।

By Paromita