तूफान ‘अर्नब’ का तांडव: कई राज्यों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, चक्रवात ‘अर्नब’ पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप ले चुका है, जिसके उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ते हुए 28 अक्टूबर की सुबह तक आंध्र प्रदेश और यनम के तटों (बापटला और विशाखापत्तनम के बीच, यनम के पास) को पार करने की संभावना है। इस खतरनाक चक्रवात के असर से 27 और 28 अक्टूबर को तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में, 28 अक्टूबर को ओडिशा में, 28 और 29 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ में, तथा 29 अक्टूबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पुडुचेरी, बिहार और उत्तर प्रदेश में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। चक्रवात का असर ओडिशा में साफ दिखने लगा है, जहां पुरी जिले में भारी बारिश से कई इलाकों में जलभराव हो गया है और खुर्दा जिले के कुछ हिस्सों में भी बारिश दर्ज की गई है। एहतियात के तौर पर ओडिशा में कई जिलों के स्कूल बंद कर दिए गए हैं तथा पर्यटकों की सुरक्षा के लिए नावों का संचालन तीन दिनों के लिए रोक दिया गया है, जबकि अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी मंगलवार तक सभी स्कूल बंद रहेंगे।

By sunny