ड्रग्स के खिलाफ जनआंदोलन बनाने का आह्वान, राज्यभर में जागरूकता कार्यक्रम

अरुणाचल प्रदेश में रविवार को ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के शुभारंभ के साथ राज्यभर में व्यापक जनभागीदारी देखने को मिली। राज्यपाल के.टी. परनाइक और मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल कार्यक्रम में शामिल होकर युवाओं से नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। यह 100 सप्ताह का राष्ट्रव्यापी अभियान युवाओं को नशे से दूर रखकर वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के लक्ष्य को साकार करने पर केंद्रित है।

कार्यक्रम के बाद राज्यपाल परनाइक ने अधिकारियों के साथ बैठक कर नशे के खिलाफ जनकेंद्रित अभियान चलाने पर जोर दिया। उन्होंने अगले 100 दिनों तक प्रत्येक रविवार राज्य में ‘नशा मुक्त स्ट्रीट शो’ आयोजित करने का सुझाव दिया, ताकि समाज में व्यापक जागरूकता पैदा की जा सके। उन्होंने ग्राम प्रधानों, सामुदायिक नेताओं और पंचायत प्रतिनिधियों से नशे की चपेट में आने वाले युवाओं की पहचान कर उन्हें परामर्श और सहयोग प्रदान करने की अपील की। साथ ही कौशल विकास, खेल गतिविधियों और तकनीक आधारित निगरानी को भी नशा रोकथाम का प्रभावी माध्यम बताया।

मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने युवाओं से इस अभियान के ब्रांड एंबेसडर बनने और अपने परिवार तथा समाज को नशा मुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया। राज्य के विभिन्न जिलों, विश्वविद्यालयों, शिक्षण संस्थानों और युवा संगठनों में जागरूकता कार्यक्रम, शपथ ग्रहण, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और संवाद सत्र आयोजित किए गए। प्रतिभागियों ने नशा मुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लेते हुए इस अभियान को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।

By nanika