गया एयरपोर्ट में मोबाइल छूटने पर महिला ने किया बवाल, क्रू मेंबर ने फ्लाइट से उतारा

गया एयरपोर्ट पर कोलकाता जाने वाली इंडिगो की उड़ान से पहले मोबाइल फोन को लेकर एक महिला यात्री की क्रू मेंबर और एयरहोस्टेस से तीखी कहासुनी हो गई।
विवाद बढ़ने पर पायलट को हस्तक्षेप करना पड़ा। इसके बाद महिला को विमान से उतार दिया गया और उड़ान कोलकाता के लिए रवाना हो गई। बाद में एयरलाइंस ने महिला को मगध मेडिकल थाना पुलिस के हवाले कर दिया। महिला की पहचान बेंगलुरु निवासी आशा राजेंद्रम कृष्णमूर्ति के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, महिला का मोबाइल फोन एयरपोर्ट परिसर में छूट गया था। विमान में सवार होने के बाद उन्होंने क्रू मेंबर से मोबाइल लाने को कहा।
उड़ान की तैयारी और समय की कमी के कारण विमानकर्मियों ने असमर्थता जताई। इसी बात पर कहासुनी शुरू हुई, जो तीखी झड़प में बदल गई।
मगध मेडिकल थाना प्रभारी राम सुदेह कुमार ने बताया कि एयरलाइंस के एओसीएस विश्व रंजन राना ने महिला के विरुद्ध लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, महिला यात्री ने भी अपनी शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस को दोनों पक्षों से आवेदन मिले हैं और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

By Paromita