दुर्गापूजा से पहले सिलीगुड़ी शहर में हिंदू जागरण मंच की ओर से लगाए गए कई पोस्टरों को लेकर हलचल मच गई है। इन पोस्टरों में लोगों से पूजा की सामग्री हिंदू दुकानदारों से खरीदने की अपील की गई है। साथ ही, बिरयानी खाने को लेकर भी एक संदेश दिया गया है।
पोस्टरों में बिरयानी खाने पर प्रतिबंध लगाने की बात नहीं कही गई है, बल्कि लोगों से हिंदू दुकानों से बिरयानी खरीदने की अपील की गई है। इसके अलावा, देश का पैसा बचाने और धार्मिक परंपराओं एवं सांस्कृतिक विरासत की रक्षा करने का संदेश भी पोस्टरों के माध्यम से दिया गया है।जानकारी के अनुसार, ये पोस्टर राज्य के पर्यटन मंत्री शंकर घोष के आवास से कुछ दूरी पर स्थित तरुण तीर्थ मैदान के सामने लगाए गए हैं। दुर्गापूजा से पहले शहर में इस तरह के पोस्टर सामने आने के बाद चर्चा तेज हो गई है।
फिलहाल, इन पोस्टरों को लेकर शहर में विभिन्न तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आने की संभावना है। त्योहार से पहले लगाए गए इन पोस्टरों ने स्थानीय स्तर पर लोगों का ध्यान आकर्षित किया है।
