CID के बंद होने की असली वजह आई सामने, ‘दया’ ने सालों बाद खोला राज

टीवी इंडस्ट्री के कई ऐसे पुराने शोज हैं, जिन्हें खत्म हुए सालों बाद भी दर्शक याद करते हैं। इस लिस्ट में क्राइम और स्पाई थ्रिलर सीरियल ‘CID’ का नाम भी सबसे ऊपर आता है। करीब दो दशक तक दर्शकों का मनोरंजन करने वाले इस शो के किरदार आज भी लोगों के बीच काफी लोकप्रिय हैं।

हालांकि, 20 साल तक सफल रन के बाद ‘CID’ को साल 2018 में बंद कर दिया गया था। इसके बाद साल 2024 में शो ने ‘CID 2’ के साथ दोबारा वापसी की, लेकिन करीब एक साल बाद 2025 में इसे फिर ऑफ एयर कर दिया गया। अब शो में इंस्पेक्टर दया का किरदार निभाने वाले अभिनेता दयानंद शेट्टी ने इसके बंद होने की वजह को लेकर बड़ा खुलासा किया है।

‘CID’ की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आज भी इसके किरदारों और डायलॉग्स पर मीम्स बनते हैं। साल 1998 में शुरू हुए इस शो ने 2018 तक दर्शकों का मनोरंजन किया। दयानंद शेट्टी के मुताबिक, शो के बंद होने के पीछे अंदरूनी राजनीति एक बड़ी वजह थी।

एक हालिया इंटरव्यू में अभिनेता ने बताया कि शो को दिग्गज गायिका लता मंगेशकर भी काफी पसंद करती थीं। उन्होंने कहा कि लता जी शो की बड़ी प्रशंसक थीं और इसके बंद होने पर उन्होंने भी आवाज उठाई थी। दयानंद के मुताबिक, लता मंगेशकर ने सोनी चैनल के अमेरिका स्थित ऑफिस में फोन कर पूछा था कि जब वह खुद यह शो देखती हैं और इसे इतना पसंद करती हैं, तो इसे बंद करने की जरूरत क्यों पड़ी।

शो की जबरदस्त लोकप्रियता के बावजूद इसके बंद होने की वजह पर बात करते हुए दयानंद शेट्टी ने इसे आंतरिक राजनीति से जोड़ा। अभिनेता के अनुसार, इसकी शुरुआत साल 2016 के आसपास हुई थी। चैनल शो के प्रोड्यूसर को बदलना चाहता था, लेकिन कलाकार इसके लिए तैयार नहीं थे। दयानंद शेट्टी ने बताया कि इसी विवाद के चलते आखिरकार शो को बंद करने का फैसला लिया गया।

By sunny