उबर ने गंगटोक सहित भारत के 100 और शहरों में अपने परिचालन का विस्तार किया है, जिससे देश में इसकी कुल उपस्थिति 225 शहरों तक पहुंच गई है।
18 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश को कवर करने वाला यह विस्तार मुख्य रूप से ‘उबर बाइक’ द्वारा संचालित होगा। इसका उद्देश्य छोटे शहरों में किफायती गतिशीलता (मोबिलिटी) और फर्स्ट व लास्ट-माइल कनेक्टिविटी को मजबूत करना है। कंपनी ने कहा कि इस विस्तार से हजारों स्थानीय ड्राइवरों के लिए लचीले कमाई के अवसर भी पैदा होंगे।
गंगटोक में, उबर बाइक यात्रियों को कम दूरी और दैनिक यात्रा के लिए एक अतिरिक्त विकल्प प्रदान करेगी, विशेष रूप से ट्रैफिक से निपटने और सार्वजनिक परिवहन के अन्य साधनों से जुड़ने में मदद करेगी।
गंगटोक में उबर का प्रवेश शहर के विकसित होते मोबिलिटी इकोसिस्टम में एक नया आयाम जोड़ सकता है, जिससे निवासियों, छात्रों और पर्यटकों को ऐप-आधारित परिवहन विकल्प मिलेंगे। यह सेवा स्थानीय दोपहिया वाहन मालिकों के लिए कमाई के अवसर पैदा करने के साथ-साथ शहर की पर्यटन-संचालित यात्रा मांगों और दैनिक आवागमन की जरूरतों को भी पूरा कर सकती है I
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने इस विस्तार का स्वागत करते हुए कहा कि बेहतर सड़क संपर्क और नए मोबिलिटी समाधान छोटे शहरों में आर्थिक और आजीविका के अवसरों को बढ़ावा दे सकते हैं।
उबर इंडिया और दक्षिण एशिया के कंज्यूमर एवं ग्रोथ डायरेक्टर ऋशांत घोष ने कहा कि यह विस्तार प्रमुख महानगरों से परे सुविधाजनक और किफायती मोबिलिटी की बढ़ती मांग को दर्शाता है।
कंपनी ने घोषणा की है कि देश भर में नए यात्रियों को सीमित अवधि के लिए उनकी पहली उबर राइड मुफ्त (नियम एवं शर्तों के अधीन) दी जाएगी। इसके अतिरिक्त, उबर बाइक यात्राओं में रियल-टाइम ड्राइवर आईडी चेक, एसओएस सहायता और ट्रिप-शेयरिंग जैसे इन-ऐप सुरक्षा फीचर्स भी शामिल होंगे।
