इस वर्ष उच्च माध्यमिक परीक्षा के परिणाम घोषित होने के बाद सिलीगुड़ी में खुशी का माहौल है। शहर के एकतियाशाल इलाके की रहने वाली छात्रा श्रेयसी शील ने राज्य स्तर पर आठवां स्थान हासिल कर सिलीगुड़ी का नाम रोशन किया है। कला संकाय की छात्रा श्रेयसी ने परीक्षा में कुल 489 अंक प्राप्त कर यह उल्लेखनीय सफलता हासिल की। बचपन से ही पढ़ाई के प्रति बेहद गंभीर रहने वाली श्रेयसी की इस उपलब्धि से उसका परिवार, शिक्षक-शिक्षिकाएं और पड़ोसी बेहद गर्व महसूस कर रहे हैं। परिणाम घोषित होने के बाद से ही उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। स्थानीय लोग भी इस सफलता को पूरे सिलीगुड़ी का गौरव बता रहे हैं।
श्रेयसी का परिवार एक सामान्य परिवार है। उनके घर के सामने ही उनके पिता की एक छोटी किराना दुकान है, जबकि उनकी मां एक प्राथमिक विद्यालय की शिक्षिका हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद माता-पिता ने हमेशा बेटी की पढ़ाई में पूरा सहयोग दिया। श्रेयसी का मानना है कि माता-पिता के त्याग, मेहनत और प्रोत्साहन की वजह से ही वह आज इस मुकाम तक पहुंच सकी है।
भविष्य में वह भूगोल विषय में उच्च शिक्षा प्राप्त करना चाहती है। साथ ही सरकारी नौकरी कर समाज के लिए काम करने का सपना भी देखती है। अपनी इस सफलता का श्रेय श्रेयसी ने अपने स्कूल के शिक्षकों, माता-पिता और निजी शिक्षकों को दिया है। उसने कहा कि उनके निरंतर मार्गदर्शन और प्रेरणा ने ही उसे यह सफलता दिलाई। श्रेयसी की यह उपलब्धि केवल उसके परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे सिलीगुड़ी के लिए गर्व का विषय बन गई है।
