Samsung Galaxy S26 Ultra की कीमत को लेकर भारतीय ग्राहकों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। Samsung ने अपने इस प्रीमियम फ्लैगशिप स्मार्टफोन के कुछ वेरिएंट्स की कीमत में कटौती कर दी है। खास बात यह है कि फोन के लॉन्च के कुछ ही महीनों बाद यह प्राइस कट देखने को मिला है। कंपनी ने भारत में अपने ऑनलाइन स्टोर पर Galaxy S26 Ultra के दो RAM और स्टोरेज वेरिएंट की नई कीमतें अपडेट की हैं।
सिर्फ Samsung के ऑनलाइन स्टोर पर ही नहीं, बल्कि ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर भी फोन की बदली हुई कीमत नजर आ रही है। यह कीमत कटौती ऐसे समय में हुई है, जब कंपनी ने हाल के महीनों में भारत में कई Galaxy स्मार्टफोन्स की कीमतें बढ़ाई हैं। इनमें Galaxy F, Galaxy A और Galaxy M सीरीज के मॉडल शामिल हैं। ऐसे में Galaxy S26 Ultra का सस्ता होना ग्राहकों के लिए खासा अहम है।
Samsung Galaxy S26 Ultra के 12GB + 256GB और 12GB + 512GB मॉडल की कीमतों में कमी की गई है। प्राइस कट के बाद 12GB + 256GB वाला बेस वेरिएंट अब भारत में 1,24,999 रुपये की शुरुआती कीमत पर मिल रहा है।
दूसरी ओर, 12GB RAM और 512GB स्टोरेज वाले टॉप मॉडल की कीमत में 15,000 रुपये की बड़ी कटौती हुई है। अब यह वेरिएंट 1,44,999 रुपये में खरीदा जा सकता है। भारत में लॉन्च के बाद से यह इस मॉडल की अब तक की सबसे कम कीमत है।
Samsung ने Galaxy S26 Ultra को भारत में 25 फरवरी को लॉन्च किया था। लॉन्च के समय 512GB मॉडल की कीमत 1,59,999 रुपये निर्धारित की गई थी। वहीं, फोन की शुरुआती कीमत 1,39,999 रुपये थी।
Flipkart से Galaxy S26 Ultra खरीदने पर ग्राहकों को अतिरिक्त बचत का मौका भी मिल रहा है। 15,000 रुपये के सीधे प्राइस कट के साथ Flipkart Axis और Flipkart SBI क्रेडिट कार्ड से पेमेंट करने पर 4,000 रुपये का इंस्टेंट कैशबैक मिल रहा है। दोनों ऑफर्स को मिलाकर फोन की प्रभावी शुरुआती कीमत 1,20,999 रुपये रह जाती है। यानी ग्राहकों को कुल 19,000 रुपये तक का फायदा मिल सकता है।
Samsung Galaxy S26 Ultra के फीचर्स की बात करें तो इसमें Qualcomm का कस्टम ऑक्टा-कोर Snapdragon 8 Elite Gen 5 चिपसेट मिलता है। फोन में 6.9 इंच का Dynamic AMOLED 2X डिस्प्ले दिया गया है, जो 120Hz तक के रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करता है। इसमें Samsung का नया Privacy Display फीचर भी मौजूद है, जो आसपास बैठे लोगों की नजर से स्क्रीन की जानकारी को छिपाने में मदद करता है।
फोटोग्राफी के लिए Galaxy S26 Ultra में क्वाड रियर कैमरा सेटअप दिया गया है। इस कैमरा सिस्टम में 200MP का मेन कैमरा शामिल है, जो फोन के प्रमुख कैमरा फीचर्स में से एक है।
