गैस प्लांट में लगी भीषण आग ने मचाई तबाही, रूस में 7 की मौत और 9 लोग लापता

रूस के सुदूर पूर्वी अमूर क्षेत्र में मंगलवार को एक बड़े गैस केमिकल कॉम्प्लेक्स में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में छह चीनी नागरिकों समेत सात लोगों की मौत की खबर है, जबकि नौ लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।

अमूर गैस केमिकल कॉम्प्लेक्स ने बुधवार को टेलीग्राम के जरिए हादसे की जानकारी दी। प्लांट के मुताबिक, मंगलवार को परिसर में आग लगी थी, जिसे अब पूरी तरह बुझा दिया गया है। हादसे के बाद इलाके में राहत और बचाव कार्य चलाया गया।

रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, प्लांट ने बताया कि हादसे में कुल सात लोगों की जान गई है, जबकि 152 लोग घायल हुए हैं। घायलों में से 36 लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसे की जांच रूस की इन्वेस्टिगेटिव कमेटी ने शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर इसे औद्योगिक सुरक्षा नियमों के संभावित उल्लंघन से जोड़कर देखा जा रहा है। जांच अधिकारी आग लगने की असली वजह का पता लगाने में जुटे हैं।

अमूर गैस केमिकल कॉम्प्लेक्स के निर्माण में कई विदेशी कर्मचारियों की भी मदद ली गई थी, जिनमें बड़ी संख्या में चीनी नागरिक शामिल थे। रूस के बड़े औद्योगिक और इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में विदेशी कर्मचारियों की भागीदारी आम बात रही है।

अमूर गैस केमिकल कॉम्प्लेक्स पॉलीइथिलीन और पॉलीप्रोपाइलीन के उत्पादन से जुड़ी दुनिया की प्रमुख परियोजनाओं में शामिल है। प्लांट की सालाना उत्पादन क्षमता करीब 23 लाख मीट्रिक टन पॉलीइथिलीन और 4 लाख टन पॉलीप्रोपाइलीन की बताई जाती है।

यह प्रोजेक्ट रूस के सुदूर पूर्वी अमूर क्षेत्र में रूस की सिबुर और चीन की सिनोपेक के सहयोग से विकसित किया जा रहा है। फिलहाल रूसी जांच समिति हादसे के कारणों की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

By sunny