दूसरे राज्य से ट्रेन के जरिए गांजे की तस्करी के एक बड़े प्रयास को रेल पुलिस (GRP) ने नाकाम कर दिया है। गुप्त सूचना के आधार पर सिलीगुड़ी जीआरपी SOG और एनजेपी थाने की सादे कपड़ों में तैनात पुलिस की संयुक्त टीम ने डाउन रानी कमलापति एक्सप्रेस में छापेमारी कर लगभग 17 किलो गांजा जब्त किया। इस मामले में त्रिपुरा की रहने वाली दो महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिलाओं की पहचान फुलमाला देबबर्मा (20) और रिया देबबर्मा (26) के रूप में हुई है, जो त्रिपुरा की निवासी हैं। सोमवार को पुलिस को गुप्त जानकारी मिली थी कि डाउन रानी कमलापति एक्सप्रेस में गांजे की खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ट्रेन के एसी कोच बी-2 (AC B2) में तलाशी अभियान शुरू किया। संदेह के आधार पर दोनों महिलाओं को रोककर उनके ट्रॉली बैग और पिट्ठू बैग की जांच की गई, जिसमें से 17 किलो गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजे की अनुमानित बाजार कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
मंगलवार को दोनों आरोपियों को रिमांड की अर्जी के साथ जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया गया। जीआरपी पुलिस अब इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि वे किसी बड़े अंतरराज्यीय तस्कर गिरोह का हिस्सा हैं या केवल कूरियर के रूप में काम कर रही थीं।
