गुप्त सूचना के आधार पर न्यू जलपाईगुड़ी (एनजेपी) रेलवे स्टेशन पर छापेमारी कर एनजेपी जीआरपी की सादे कपड़ों की पुलिस ने करीब साढ़े सात किलोग्राम गांजे के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। बरामद किए गए गांजे की अनुमानित बाजार कीमत लाखों रुपये आंकी गई है।जीआरपी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को पहले ही इनपुट मिल चुका था कि डाउन सरायघाट एक्सप्रेस के एसी टू-टियर (A.C. 2-Tier) कोच में गांजे की तस्करी की जा रही है।
इस सूचना के आधार पर सादे कपड़ों में जीआरपी के जवान न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार करने लगे। जैसे ही ट्रेन एनजेपी स्टेशन पहुंची, पुलिस ने एसी टू-टियर कोच में तलाशी अभियान चलाकर कैलाश राय (31) नाम के एक व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। वह जलपाईगुड़ी जिले के धूपगुड़ी के पश्चिम दायपुमारी इलाके का रहने वाला है।प्राथमिक जांच में पता चला है कि आरोपी धूपगुड़ी स्टेशन से ट्रेन में सवार हुआ था और हावड़ा जा रहा था।
इसके बाद एनजेपी स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 5 और 6 के पास स्थित फुटओवर ब्रिज संख्या 2 के सामने उसके सामान की गहन तलाशी ली गई, जहां से कुल साढ़े 7 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।जीआरपी ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस रिमांड की अर्जी के साथ आरोपी को शनिवार (आज) जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया जाएगा। जीआरपी इस पूरे तस्करी नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगे की जांच में जुट गई है।
