रेलवे पुलिस की मौजूदगी में भी इंजन के कलपुर्जे चोरी, जलपाईगुड़ी के जयंती पाड़ा इलाके में भारी आक्रोश

रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और जीआरपी की मुस्तैदी के दावों के बीच जलपाईगुड़ी स्टेशन के पास खड़ी ट्रेनों के इंजनों से तांबा और अन्य कीमती सामान चोरी होने का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जलपाईगुड़ी स्टेशन के समीप करीब 10 पुराने रेल इंजनों से लगातार हो रही इस चोरी की घटना को लेकर स्थानीय जयंती पाड़ा इलाके में भारी सनसनी और आक्रोश फैल गया है।

स्थानीय निवासियों के अनुसार, लंबे समय से स्टेशन के पास करीब 10 रेल इंजनों को लाकर खड़ा किया गया है। इन इंजनों की सुरक्षा का कोई पुख्ता इंतजाम न होने के कारण चोर लगातार इन्हें निशाना बना रहे हैं। कभी इंजन के दरवाजे तो कभी अंदर लगे तांबे के तार और अन्य कीमती पार्ट्स चोरी हो रहे हैं। यह सिलसिला पिछले काफी समय से नियमित रूप से चल रहा है।इलाके के लोगों ने इस पर गहरी चिंता जताते हुए रेलवे के उच्च अधिकारियों से मामले में तुरंत हस्तक्षेप करने की मांग की है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जहां ये इंजन खड़े हैं, उसके ठीक बगल में एक बस्ती है। ऐसे में बार-बार हो रही इन चोरियों का सीधा शक और बदनामी बस्ती के गरीब लोगों पर आने की आशंका बनी हुई है।ग्रामीणों ने मांग की है कि इस चोरी रैकेट के पीछे शामिल असली अपराधियों को जल्द से जल्द पकड़कर कड़ी सजा दी जाए और रेलवे की इस संपत्ति की सुरक्षा बढ़ाई जाए, ताकि निर्दोष लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

By Sonakshi Sarkar