आगामी रथयात्रा उत्सव को देखते हुए सुरक्षा और कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट ने एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक का आयोजन किया। शुक्रवार को दुर्गापुर के नेताजी भवन में आयोजित इस बैठक में शहर की विभिन्न रथयात्रा आयोजक समितियों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
बैठक में दुर्गापुर के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) सुबीर राय, दुर्गापुर थाने के ओसी (प्रभारी), विभिन्न पुलिस चौकियों के आईसी और ट्रैफिक विभाग के अधिकारियों सहित कमिश्नरेट के कई आला अधिकारी उपस्थित थे।इस बैठक के दौरान रथयात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने, भीड़ नियंत्रण, यातायात (ट्रैफिक) प्रबंधन, आपातकालीन स्थितियों से निपटने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में आयोजकों की भूमिका पर विस्तृत चर्चा की गई।
इसके साथ ही, पुलिस अधिकारियों ने उत्सव के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में निगरानी और गश्त बढ़ाने पर विशेष जोर दिया।बैठक में इस्कॉन मंदिर की ओर से औदर्य चंद्र दास उपस्थित थे। इसके अलावा दुर्गापुर पूर्व विधानसभा क्षेत्र के विधायक के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। आयोजकों ने प्रशासन के साथ पूरा सहयोग करने का आश्वासन दिया ताकि रथयात्रा उत्सव शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और निर्बाध रूप से संपन्न हो सके।
