सिलीगुड़ी नगर निगम में पुलिस का छापा; जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र से जुड़े दस्तावेजों की गहन जांच

सिलीगुड़ी नगर निगम (Siliguri Municipal Corporation) परिसर में गुरुवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पुलिस की एक संयुक्त टीम ने अचानक निगम कार्यालय में छापेमारी की। यह कार्रवाई प्रधाननगर थाना और सिलीगुड़ी थाना पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से की गई।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, जांच अधिकारी मुख्य रूप से नगर निगम के जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र (Birth and Death Certificates) विभाग से जुड़ी फाइलों और दस्तावेजों की बारीकी से जांच कर रहे हैं। इसके साथ ही कंप्यूटर में सेव डिजिटल रिकॉर्ड और डेटा की भी फॉरेंसिक जांच की जा रही है। हालांकि, इस अचानक हुई छापेमारी के पीछे की मुख्य वजह क्या है, इसे लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। लेकिन सूत्रों का कहना है कि फर्जी प्रमाण पत्र जारी किए जाने या किसी बड़े वित्तीय/प्रशासनिक घोटाले की आशंका के चलते यह जांच की जा रही है।

अचानक हुई इस छापेमारी से नगर निगम कर्मचारियों और स्थानीय पार्षदों के बीच अफरा-तफरी का माहौल देखा गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले की विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।

By Sonakshi Sarkar