माटीगाड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने चोरी की एक बड़ी घटना का खुलासा करते हुए एक रंग मिस्त्री को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई कीमती चांदी की गणेश प्रतिमा सहित पूजा घर का अन्य सामान बरामद किया गया है। जानकारी के अनुसार, गत 29 सितंबर को माटीगाड़ा के चौरंगी मोड़ इलाके के निवासी अरविंद सरकार के घर में चोरी की घटना हुई थी। शिकायत के मुताबिक, घर से चांदी की गणेश प्रतिमा सहित पूजा घर का कई सामान चोरी हो गया था।
परिवार को घर में पहले काम कर चुके एक रंग मिस्त्री पर संदेह था। बताया गया कि कुछ दिन पहले उसने घर में रंग-रोगन का काम किया था और उसी दौरान चोरी की घटना हुई थी। हालांकि, उस समय कोई ठोस सबूत नहीं होने के कारण परिवार की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद हाल ही में परिवार ने दोबारा घर के कुछ हिस्सों में रंग-रोगन का काम उसी मिस्त्री से कराया। इसके बाद फिर चोरी की घटना सामने आई। परिवार की ओर से माटीगाड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद सादे कपड़ों में पुलिस की टीम ने जांच शुरू की।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शुभम राय के रूप में हुई है, जो अनिल नगर इलाके का निवासी बताया गया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के बाद चोरी किए गए सभी सामान के साथ कीमती चांदी की गणेश प्रतिमा भी बरामद कर ली गई। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से इलाके के लोगों में राहत की भावना है। मामले की जांच जारी है।
