प्रचार संबंधी ऑफर और सेवा अपडेट भेजने से लेकर ग्राहकों के सवालों का जवाब देने तक, कारोबार जगत में उपभोक्ताओं से जुड़ने के लिए व्हाट्सऐप का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। ग्राहकों के बदलते व्यवहार को देखते हुए वोडाफोन आइडिया लिमिटेड की एंटरप्राइज इकाई Vi Business ने व्यवसायों के लिए ‘व्हाट्सऐप बिजनेस सॉल्यूशंस’ लॉन्च किए हैं। इसका उद्देश्य कंपनियों को ग्राहकों के साथ होने वाली बातचीत को अधिक प्रभावी और व्यवस्थित तरीके से संचालित करने में मदद करना है।
यह नई सुविधा Vi Business के मौजूदा संचार समाधानों के पोर्टफोलियो का विस्तार करती है। इसके तहत सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को Vi की वेबसाइट के माध्यम से 15 मिनट से भी कम समय में डिजिटल ऑनबोर्डिंग की सुविधा मिलेगी। इसमें प्लान का चयन, भुगतान और सेवा सक्रिय करने की प्रक्रिया शामिल है।
व्यवसाय इस प्लेटफॉर्म के जरिए एक साथ बड़ी संख्या में ग्राहकों को संदेश भेजने, तैयार इंटरैक्टिव टेम्पलेट्स का इस्तेमाल करने और अपने उत्पादों की डिजिटल कैटलॉग प्रदर्शित करने में सक्षम होंगे। इसके अलावा, एनालिटिक्स की मदद से संदेशों की डिलीवरी, ग्राहकों की प्रतिक्रियाओं और उनकी सहभागिता पर भी नजर रखी जा सकेगी।
बड़ी कंपनियों और उद्यमों के लिए इस प्लेटफॉर्म में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित चैटबॉट, ग्राहकों की पूछताछ को स्वचालित तरीके से संभालने और उनकी जरूरतों के अनुसार व्यक्तिगत सेवाएं प्रदान करने जैसी सुविधाएं दी गई हैं। यह प्लेटफॉर्म मौजूदा सीपीएएएस और सीसीएएएस सेवाओं के साथ व्हाट्सऐप मैसेजिंग और वॉयस सुविधाओं को भी एकीकृत करता है। इसमें एसएमएस, वॉयस कॉल, ईमेल और लाइव चैट के साथ एनालिटिक्स तथा व्हाट्सऐप वॉयस कॉलिंग की सुविधा भी शामिल है।
वोडाफोन आइडिया लिमिटेड के मुख्य एंटरप्राइज बिजनेस अधिकारी एम. पी. सुनील कुमार ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य व्यवसायों को केवल व्हाट्सऐप पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराने तक सीमित न रखकर ग्राहकों के लिए स्मार्ट, व्यक्तिगत और एकीकृत संवाद अनुभव तैयार करने में सक्षम बनाना है।
कंपनी के अनुसार, यह लॉन्च संवाद आधारित और एआई-संचालित संचार के बढ़ते महत्व को दर्शाता है। आज उपभोक्ता उन डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से कंपनियों से जुड़ना अधिक पसंद कर रहे हैं, जिनका इस्तेमाल वे अपने दैनिक जीवन में पहले से करते हैं। ऐसे में नए व्हाट्सऐप बिजनेस सॉल्यूशंस से कंपनियों को ग्राहक संबंध मजबूत करने, सेवाओं को बेहतर बनाने और कारोबार के विकास में मदद मिलने की उम्मीद है।
