कोलकाता की डांसर रोजी खातून की पटना में संदिग्ध मौत, दोस्त के फ्लैट में ठहरी थी

जक्कनपुर थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर रोड नंबर-3 स्थित एक किराए के फ्लैट में कोलकाता (बंगाल) निवासी नर्तकी रोजी खातून की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रोजी छह दिन पहले 12 अगस्त को पटना आई थी और अपने परिचित आर्यन के किराए के फ्लैट में ठहरी हुई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएच भेज दिया है। घटनास्थल से एफएसएल की टीम ने भी आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। बताया जाता है कि रोजी पहले पटना में भी डांसर का काम करती थी। हाल के दिनों में वह इवेंट से जुड़े काम भी करने लगी थी। रोजी और आर्यन के परिवार के बीच पहले से जान-पहचान थी। इसी कारण पटना आने के बाद वह आर्यन के किराए के फ्लैट में रह रही थी। फ्लैट में पार्टी होने की जानकारी भी पुलिस को मिली है, जिसकी जांच की जा रही है। आर्यन के अनुसार, वह 14 अगस्त को अपनी पत्नी के साथ देवघर चला गया था। इसके बाद फ्लैट में रोजी और उसका भांजा रह रहे थे। आर्यन मीठापुर पुराना बस स्टैंड के गेट नंबर-2 के पास चाउमिन की दुकान चलाता है, जबकि विग्रहपुर के पास उसकी बिरयानी की दुकान भी है। उसका भांजा भी दुकान के काम में सहयोग करता है। बताया जाता है कि 17 अगस्त की रात दुकान बंद करने के बाद आर्यन का भांजा फ्लैट पहुंचा। उसने रोजी को बेड पर बैठा देखा। इसके बाद वह हाथ-पैर धोने चला गया। कुछ देर बाद खाना खाने के लिए रोजी को आवाज दी, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। पास जाकर छूने पर भी उसके शरीर में कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। इसके बाद उसने तुरंत आर्यन को फोन कर घटना की जानकारी दी। आर्यन के कहने पर डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर जक्कनपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने रोजी को मृत पाया। घटना की जानकारी मिलने के बाद आर्यन भी पटना पहुंच गया। मृतका के परिजन कोलकाता से पटना के लिए रवाना होने की बात कही जा रही है। हालांकि मंगलवार तक कोई नहीं पहुंचे थे।
जक्कनपुर थानाध्यक्ष ऋतुराज ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवती की मौत अत्यधिक नशे के कारण होने की आशंका है। उसके नाक से खून निकलने की बात भी सामने आई है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही चल सकेगा। परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य बिंदुओं पर जांच की जा रही है।

By Paromita