एशियन हाईवे-48 पर अनियंत्रित होकर पलटा था वाहन; चालक घायल, पुलिस के आने से पहले ही साफ हो गया आधा ट्रक धुपगुड़ी (जलपाईगुड़ी)/ न्यूज़ एशिया : पश्चिम बंगाल के पारंपरिक त्योहार ‘जमाई षष्ठी’ से ठीक पहले धुपगुड़ी में सड़क पर मुफ्त के हिमसागर आम बटोरने की होड़ मच गई। मंगलवार को धुपगुड़ी के एशियन हाईवे-48 (AH-48) पर हिमसागर आमों से लदा एक तेज रफ्तार ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गया। ट्रक के पलटते ही उसमें भरे क्विंटल के हिसाब से आम पूरी सड़क पर बिखर गए।
जैसे ही स्थानीय ग्रामीणों को सड़क पर हिमसागर आम बिखरने की खबर मिली, देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों का तांता लग गया। चश्मदीदों के मुताबिक, हादसे में ट्रक के चालक को मामूली चोटें आई थीं। स्थानीय लोगों ने पहले तत्परता दिखाते हुए घायल चालक को केबिन से बाहर निकाला और इलाज के लिए तुरंत धुपगुड़ी उपमंडल (महकमा) अस्पताल भेजा।चालक को अस्पताल भेजने के तुरंत बाद हाईवे का नजारा किसी मेले जैसा हो गया। जमाई षष्ठी के ठीक पहले महंगे हिमसागर आमों को सड़क पर बिखरा देख राहगीर और आस-पास के ग्रामीण खुद को रोक नहीं पाए। पुरुष, महिलाएं और बच्चे जो जिसके हाथ लगा—थैला, टोकरी, बाल्टी और बोरे लेकर आम समेटने में जुट गए।
चश्मदीदों का दावा है कि जब तक धुपगुड़ी थाने की पुलिस मौके पर पहुंचती, तब तक स्थानीय लोग ट्रक में लदे आमों का एक बहुत बड़ा हिस्सा समेटकर अपने घर ले जा चुके थे।इस अजीबोगरीब लूटपाट और हादसे के कारण एशियन हाईवे पर कुछ समय के लिए भारी ट्रैफिक जाम लग गया और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। बाद में धुपगुड़ी थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को हटाया, स्थिति को नियंत्रण में लिया और क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को सड़क से हटाकर थाने भिजवाया। पुलिस ने इस सड़क हादसे को लेकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
