विश्व साइकिल दिवस पर बालूरघाट में भव्य साइकिल रैली; स्वस्थ शरीर और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेशसब

‘माई भारत’ और ‘सब्जी एटीएम वेलफेयर सोसाइटी’ की पहल; विधायक विद्युत कुमार राय रहे मौजूद, ईंधन संकट के बीच साइकिल के इस्तेमाल पर जोर  बालूरघाट (दक्षिण दिनाजपुर)/ न्यूज़ एशिया :’विश्व साइकिल दिवस’ (World Bicycle Day) के अवसर पर आज दक्षिण दिनाजपुर जिला मुख्यालय बालूरघाट में एक भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय के ‘माई भारत’ (MY Bharat) प्रभाग की पहल पर और ‘सब्जी एटीएम वेलफेयर सोसाइटी’ के संचालन में इस जन-जागरूकता रैली का आयोजन हुआ।यह जागरूकता रैली बालूरघाट के जटाली मोड़ से शुरू हुई।

 इसके बाद रैली ने शहर के प्रमुख मार्गों—भाजपा मोड़ और हिली मोड़ का परिक्रमा किया और वापस जटाली मोड़ पर आकर संपन्न हुई। रैली की शुरुआत से पहले इसमें शामिल सभी प्रतिभागियों और साइकिल प्रेमियों को स्वास्थ्य व पर्यावरण के प्रति जागरूक रहने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने वैश्विक बाजार में बढ़ते ईंधन (तेल) संकट और पर्यावरण सुरक्षा के मद्देनजर रोजमर्रा के छोटे-मोटे कार्यों के लिए साइकिल के उपयोग की उपयोगिता और उसकी आवश्यकता पर विस्तृत चर्चा की।इस विशेष आयोजन में बालूरघाट के स्थानीय विधायक विद्युत कुमार राय मुख्य रूप से उपस्थित थे। उनके साथ ही ‘माई भारत’ की ओर से जिला युवा अधिकारी सौरव बर्मन और कार्यालय कर्मी राजेंद्र दास भी मौजूद रहे।

इसके अलावा, बालूरघाट इलाके के बड़ी संख्या में साइकिल प्रेमियों, युवाओं और आम नागरिकों ने इस रैली में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।आयोजकों की ओर से बताया गया कि एक स्वस्थ शरीर और प्रदूषण मुक्त समाज के निर्माण के लिए साइकिल के उपयोग को बढ़ावा देना बेहद जरूरी है। आम जनता के बीच इस संदेश को और गहराई से पहुँचाने के लिए आने वाले दिनों में भी नियमित रूप से ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता रहेगा।

By Sonakshi Sarkar