अमेरिका में आसमानी आफत से तबाही, तूफानी बारिश के बाद आई बाढ़ में 6 लोगों की मौत

अमेरिका का इंडियानापोलिस इन दिनों तेज बारिश और भीषण बाढ़ की चपेट में है। बाढ़ के पानी में डूबने से छह लोगों की मौत होने की खबर है, जिनमें एक चार साल का बच्चा भी शामिल है।

11 अगस्त से लगातार हो रही भारी बारिश के कारण कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई है। इसके चलते कई नदियों का जलस्तर रिकॉर्ड ऊंचाई तक पहुंच गया है। इलाके से गुजरने वाली नदी का पानी 1913 में आई बाढ़ के दौरान दर्ज किए गए जलस्तर को भी पार कर गया है।

तूफानी बारिश और बाढ़ ने कई क्षेत्रों की बिजली व्यवस्था को भी बुरी तरह प्रभावित किया है। राज्य में करीब 1.30 लाख बिजली उपभोक्ता बिजली से वंचित हो गए हैं, जिससे बाढ़ प्रभावित लोगों की परेशानियां और बढ़ गई हैं।

बाढ़ से पैदा हुए हालात से निपटने के लिए स्थानीय प्रशासन की ओर से अतिरिक्त सहायता राशि की मांग की गई थी। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बाढ़ राहत और बचाव कार्यों के लिए इस सहायता राशि के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।

By sunny