देश भर में देशभक्ति की भावना को बढ़ावा देने के लिए 9 अगस्त से 17 अगस्त, 2026 तक विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार सुबह सिलीगुड़ी में इस राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत एक भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं और आम जनता ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।सूर्यसेन महाविद्यालय से हुई शुरुआतअभियान के तहत सिलीगुड़ी के सूर्यसेन महाविद्यलय के छात्र-छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं और गैर-शिक्षण कर्मचारियों ने मिलकर एक विशाल तिरंगा यात्रा निकाली।
हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे विद्यार्थियों के गगनभेदी राष्ट्रभक्ति के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। इस रैली का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने और राष्ट्र के प्रति अपनी एकजुटता प्रदर्शित करने के लिए प्रेरित करना था।एसडीओ विकास रुहेला रहे उपस्थितइस विशेष कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सिलीगुड़ी के महकमा शासक (SDO) विकास रुहेला उपस्थित रहे। उन्होंने हरी झंडी दिखाकर इस रैली की शुरुआत की और खुद भी छात्रों के साथ कदम से कदम मिलाकर इस अभियान का हिस्सा बने।
प्रशासन का संदेश:इस अवसर पर सिलीगुड़ी के एसडीओ विकास रुहेला ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह हर भारतीय को देश के गौरवशाली इतिहास और वीर शहीदों से जोड़ने का एक माध्यम है। उन्होंने सिलीगुड़ी के सभी निवासियों से आगामी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की।9 अगस्त से शुरू हुआ यह अभियान आगामी 17 अगस्त तक चलेगा, जिसके तहत आने वाले दिनों में शहर के विभिन्न हिस्सों में सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्वच्छता अभियान और देशभक्ति से ओत-प्रोत कई अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
