फ्लिपकार्ट इस त्योहारों के सीजन में देगा 2.5 लाख से ज्यादा रोजगार के मौके, 75 हजार लोगों को पहली बार मिलेगा काम

फ्लिपकार्ट ने इस त्योहारी सीजन में 2.5 लाख से ज्यादा लोगों के लिए काम के मौके बनाए हैं। इनमें गिग वर्कर्स भी शामिल हैं। करीब 75 हजार लोग ऐसे हैं, जो पहली बार नौकरी या काम शुरू कर रहे हैं। ये काम देशभर में फ्लिपकार्ट के 7,000 से ज्यादा सेंटरों पर मिलेंगे। इनमें सामान रखने, सामान छांटने और डिलीवरी से जुड़े काम शामिल हैं। त्योहारों में बढ़ने वाली डिलीवरी को देखते हुए फ्लिपकार्ट ने 900 से ज्यादा नए डिलीवरी सेंटर शुरू किए हैं। कंपनी ने डिलीवरी के काम में करीब 1.4 लाख नए लोगों को काम देने की तैयारी की है। इस सीजन में बनाए गए कुल नए कामों में 60% डिलीवरी से जुड़े हैं। फ्लिपकार्ट मिनट्स और छोटे शहरों में बढ़ती मांग की वजह से डिलीवरी का काम भी बढ़ा है। इससे महिलाओं और दिव्यांग लोगों के लिए भी रोजगार के मौके बढ़े हैं। फ्लिपकार्ट की सप्लाई चेन में अब 20% से ज्यादा कर्मचारी महिलाएं हैं। वहीं, गोदाम और डिलीवरी के काम में दिव्यांग लोगों की संख्या भी बढ़ रही है।

फ्लिपकार्ट ग्रुप के चीफ कॉर्पोरेट अफेयर्स ऑफिसर रजनीश कुमार ने बताया कि, “जब कारोबार बढ़ता है, तो रोजगार और कमाई के नए मौके भी बढ़ते हैं। इस त्योहारों के सीजन में फ्लिपकार्ट के जरिए करीब 75,000 लोग पहली बार नौकरी या काम शुरू कर रहे हैं। भारत में ऑनलाइन खरीदारी तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में हमारी कोशिश है कि ज्यादा से ज्यादा लोगों को नौकरी और अपना काम शुरू करने का मौका मिले। खासकर उन लोगों को, जिन्हें पहले ऐसे मौके कम मिले हैं। इसके लिए हम कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय, एनसीवीईटी और आईटीआई कल्याणी के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। हमारा मकसद है कि लोग नई स्किल सीखें, नौकरी पाएं और अपना करियर बेहतर बना सकें।

फ्लिपकार्ट ग्रुप में सप्लाई चेन, कस्टमर एक्सपीरियंस और री-कॉमर्स के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट हेमंत बद्री ने बताया कि “त्योहारों के सीजन में भारत में खरीदारी काफी बढ़ जाती है। इस दौरान सामान लोगों तक समय पर पहुंचाने में हमारी सप्लाई चेन की बड़ी भूमिका होती है। इस साल ग्राहकों की बढ़ती जरूरत को पूरा करने के लिए हम अपनी डिलीवरी और सामान पहुंचाने का नेटवर्क काफी बढ़ा रहे हैं। इसके साथ ही देशभर में रोजगार के नए मौके भी पैदा हो रहे हैं। त्योहारों के लिए 900 से ज्यादा नए डिलीवरी हब शुरू किए जा रहे हैं और करीब 1.4 लाख लोगों के लिए डिलीवरी से जुड़े काम के मौके बन रहे हैं। खासकर छोटे शहरों और कस्बों में ऑनलाइन खरीदारी बढ़ने और फ्लिपकार्ट मिनट्स के विस्तार से इन अवसरों में और बढ़ोतरी हो रही है।”

फ्लिपकार्ट की सप्लाई चेन ऑपरेशंस अकादमी (एससीओए) ने त्योहारों के सीजन से पहले करीब 10,000 लोगों को ट्रेनिंग पूरी करने का सर्टिफिकेट दिया है। ट्रेनिंग के दौरान लोगों को सप्लाई चेन से जुड़े काम का प्रैक्टिकल अनुभव भी दिया गया। यह कार्यक्रम कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय, एनसीवीईटी और आईटीआई कल्याणी के साथ मिलकर चलाया जा रहा है। फ्लिपकार्ट का ऑनलाइन प्लेटफॉर्म देशभर के लाखों विक्रेताओं, दुकानदारों और छोटे कारोबारियों को अपने सामान ज्यादा से ज्यादा ग्राहकों तक पहुंचाने में मदद करता है। इससे लोगों को अपना कारोबार शुरू करने और बढ़ाने के नए मौके मिलते हैं। फ्लिपकार्ट अपने सप्लाई चेन से जुड़े कर्मचारियों और डिलीवरी स्टाफ की मदद के लिए भी कई सुविधाएं देता है। इनमें मेडिकल और दुर्घटना बीमा, 24 घंटे डॉक्टर से फोन पर सलाह और ई-श्रम रजिस्ट्रेशन में मदद शामिल है।

By Business Bureau