ओपेला ने अभिनेता पंकज त्रिपाठी को शामिल करते हुए नए डल्कोफ्लेक्स लिक्विड की शुरुआत की है। इसके साथ कंपनी ने #1SmartSolution अभियान भी लॉन्च किया है। इस अभियान में कब्ज से राहत के साथ इससे जुड़ी तीन समस्याओं—पेट फूलना, मल त्याग के दौरान जोर लगाना और कठोर मल—को प्रमुखता से दिखाया गया है।
ओमनीकॉम एडवरटाइजिंग इंडिया के अंतर्गत आने वाली मैककैन इंडिया ने ओपेला के सहयोग से इस अभियान की अवधारणा तैयार की है। इसमें हास्य और कार्यस्थल की पृष्ठभूमि का इस्तेमाल करते हुए कब्ज के विषय पर खुलकर बातचीत को प्रोत्साहित किया गया है। साथ ही, इस समस्या से जुड़ी असुविधा को हल्के में दिखाने से बचा गया है।
अभियान की फिल्म में त्रिपाठी एक मिलनसार बॉस की भूमिका में नजर आते हैं। अपने खास अंदाज, सहज व्यवहार और हल्के हास्य के जरिए वह उत्पाद की उस विशेषता को सामने रखते हैं, जिसके तहत कब्ज से जुड़ी कई समस्याओं के लिए एक समाधान पेश करने की बात कही गई है।
नए डल्कोफ्लेक्स लिक्विड में ट्विन-पावर फॉर्मूला दिया गया है। यह 150 मिलीलीटर के पैक में उपलब्ध है, जिसकी कीमत 150 रुपये रखी गई है। कंपनी के अनुसार, इस उत्पाद का उद्देश्य कब्ज से जुड़ी परेशानी का सामना कर रहे उपभोक्ताओं को एक सुलभ विकल्प उपलब्ध कराकर उनकी स्व-देखभाल की प्रक्रिया को आसान बनाना है।
ओपेला इंडिया में ब्रांड और इनोवेशन की प्रमुख नूपुर गुरबक्सानी ने कहा कि भारत में रोजाना 27.6 करोड़ लोग कब्ज की समस्या से प्रभावित होते हैं। उन्होंने बताया कि इनमें से कई लोग चिकित्सकीय सहायता नहीं लेते या ऐसे घरेलू उपायों पर निर्भर रहते हैं, जो प्रभावी नहीं होते। उनके अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य सहानुभूति और लोगों से जुड़ाव के जरिए इस समस्या पर ध्यान आकर्षित करना है।
सनोफी कंज्यूमर हेल्थकेयर इंडिया लिमिटेड के प्रबंध निदेशक हिमांशु बख्शी ने कहा कि यह लॉन्च स्व-देखभाल को सरल बनाने और उपभोक्ताओं को रोजमर्रा की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को बेहतर तरीके से संभालने में मदद करने पर ओपेला के फोकस को दर्शाता है।
मैककैन इंडिया के कार्यकारी उपाध्यक्ष सक्षम कोहली ने कहा कि इस अभियान में हास्य और संवेदनशीलता के बीच संतुलन रखा गया है। इसके माध्यम से डल्कोफ्लेक्स लिक्विड को कब्ज से जुड़े कई लक्षणों के लिए एक समाधान के रूप में प्रस्तुत किया गया है।
