नेपाल में बाढ़ के बीच तिब्बत में फिर टूटा बांध, पुलिस ने लोगों से सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील की

तिब्बत की ओर स्थित पानी का बांध एक बार फिर टूट गया है। इस घटना के बाद नदी बेसिन के निचले इलाकों में गंभीर बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है। स्थिति को देखते हुए नेपाल पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से हाई अलर्ट जारी किया है।

नेपाल पुलिस को तिब्बती क्षेत्र में एक और झील टूटने की सूचना मिलते ही आपातकालीन अलर्ट जारी किया गया। पुलिस ने तत्काल नोटिस जारी कर बचाव और राहत कार्यों में लगे सभी सुरक्षाकर्मियों के साथ-साथ आम जनता से भी सतर्क रहने की अपील की है।

प्रशासन ने लोगों को जल्द से जल्द सुरक्षित स्थानों पर जाने और आसपास के लोगों को भी इस खतरे की जानकारी देने का निर्देश दिया है।

नेपाली मीडिया पोर्टल ऑनलाइन खबर के अनुसार, रसुवा जिले के मुख्य जिला अधिकारी नरेंद्र परियार ने भी झील टूटने की घटना की आधिकारिक पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में जानकारी सीधे चीनी अधिकारियों से प्राप्त हुई है।

सीडीओ परियार ने कहा कि चीनी पक्ष की ओर से उन्हें सूचना दी गई है कि बांध वाली झील टूट गई है। उन्होंने बताया कि नदी के किनारे रहने वाले सभी लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पहले ही सर्कुलर जारी किया जा चुका है।

बताया जा रहा है कि यह विशाल झील चीन में चोचेन खोला और पुरेपु त्सांगपो नदियों के संगम के पास बनी थी। चोचेन खोला और पुरेपु को त्रिशूली नदी प्रणाली की ऊपरी सहायक नदियों के रूप में जाना जाता है।

झील टूटने के बाद इन नदियों का पानी तेजी से त्रिशूली नदी में पहुंच रहा है। इससे नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने और आसपास के तटीय इलाकों में भारी तबाही की आशंका जताई जा रही है।

इसी खतरे को देखते हुए त्रिशूली नदी के किनारे बसे सभी गांवों और बस्तियों को सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर तत्काल सुरक्षित स्थानों पर जाने की सख्त हिदायत दी गई है।

By sunny