मालदा जिले के मानिकचक थाना अंतर्गत मथुरावपुर चौरंगी मोड़ पर शनिवार को ट्रैफिक नियंत्रित करने के दौरान पुलिस और एक बाइक सवार के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस घटना के बाद इलाके में काफी देर तक तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। जाम हटाने के दौरान विवाद प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार को मथुरावपुर हाट (साप्ताहिक बाजार) होने के कारण चौरंगी मोड़ पर भारी ट्रैफिक जाम लग गया था। मौके पर तैनात सिविक वॉलंटियर्स जब स्थिति को संभालने में विफल रहे, तो मानिकचक थाने के पुलिस अधिकारी खुद ट्रैफिक सुचारू करने पहुंचे।
आरोप है कि एक बाइक सवार बीच सड़क पर बाइक खड़ी कर जाम का कारण बन रहा था। पुलिस अधिकारी द्वारा बार-बार कहने के बावजूद जब उसने बाइक नहीं हटाई, तो कथित तौर पर अधिकारी ने उसे एक थप्पड़ मार दिया। इस धक्का-मुक्की में बाइक सवार अपने बच्चे सहित नीचे गिर गया। पुलिस और जनता में झड़प अपने बच्चे को गिरता देख बाइक सवार आपा खो बैठा और उसने ऑन-ड्यूटी पुलिस अधिकारी के साथ हाथापाई शुरू कर दी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस अधिकारी व बाइक सवार के बीच तीखी बहस छिड़ गई। घटना को लेकर सड़क पर काफी देर तक हंगामा चलता रहा।
मौके से फरार हुआ बाइक सवार जब पुलिस कर्मियों ने स्थिति को बिगड़ते देख बाइक सवार को हिरासत में लेने की कोशिश की, तो वह जबरन वहां से अपने परिवार के साथ भाग निकला। मानिकचक थाना पुलिस अब इलाके के सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के आधार पर व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है। इस घटना ने बाजार क्षेत्र में सुरक्षा और पुलिस-पब्लिक समन्वय पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
