सीमावर्ती गांवों को विकास और अवसरों में बदलने के भारत सरकार के विज़न को आगे बढ़ाते हुए, कौशल विकास और उद्यमशीलता मंत्रालय (एमएसडीई) ने आज नई दिल्ली के कौशल भवन में वाइब्रेंट विलेजेज़ प्रोग्राम (वीवीपी) के तहत एक ‘कैपेसिटी बिल्डिंग एंड रिव्यू वर्कशॉप’ का आयोजन किया। इस वर्कशॉप की थीम “विकसित गांव फॉर विकसित भारत” थी। इस वर्कशॉप में गृह मंत्रालय (एमएचए), वस्त्र, पर्यटन और ग्रामीण विकास मंत्रालय के साथ-साथ जिला प्रशासन, अरुणाचल प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, लद्दाख, सिक्किम और उत्तराखंड के स्टेट स्किल डेवलपमेंट मिशन (एसएसडीएम) और सेक्टर स्किल काउंसिल (एसएससी) जैसे स्टेकहोल्डर्स एक प्लेटफॉर्म पर एक साथ आए। इसने भारत के रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण सीमावर्ती क्षेत्रों में तालमेल को बढ़ावा देने और कौशल-आधारित विकास को गति देने के लिए एक फोकस्ड प्लेटफॉर्म तैयार किया। वाइब्रेंट विलेजेस प्रोग्राम, गृह मंत्रालय की एक प्रमुख पहल है जिसका उद्देश्य अरुणाचल प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, सिक्किम और लद्दाख के 662 गांवों को देश के आत्मनिर्भर और अच्छी तरह से जुड़े हुए “फर्स्ट विलेजेस” के रूप में विकसित करना है। इसी विज़न के अनुरूप, एमएसडीई इन क्षेत्रों में आजीविका के अवसरों को बढ़ाने के लिए स्थानीय रूप से प्रासंगिक और मांग-आधारित कौशल विकास पहलों को बढ़ावा दे रहा है।
एमएसडीई, वीवीपी के तहत कौशल विकास प्रस्तावों को लागू करने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, जिसमें गृह मंत्रालय से प्रस्ताव प्राप्त करना और उनकी जाँच करना, उन्हें सही योजनाओं के साथ जोड़ना, प्रोजेक्ट्स को मंज़ूरी देना और मज़बूत इम्प्लीमेंटेशन और मॉनिटरिंग को सुनिश्चित करना और स्किल इंडिया डिजिटल हब (सिद्ध) के माध्यम से असेसमेंट और सर्टिफ़िकेशन की सुविधा देना शामिल है। अभी तक, एमएसडीई ने इस कार्यक्रम के तहत 74 कौशल विकास प्रस्तावों को मंज़ूरी दी है, जो सीमावर्ती ज़िलों में कौशल विकास से जुड़ी पहलों को शुरू करने की दिशा में एक बड़ी प्रगति को दर्शाता है। इस चर्चा का मुख्य फोकस्ड स्वीकृत और चल रही वीवीपी स्किल प्रोजेक्ट की स्थिति की समीक्षा करना, इम्प्लीमेंटेशन में आने वाली मुख्य चुनौतियों—जैसे ट्रेनर की उपलब्धता, लाभार्थियों को जुटाना और इंफ्रास्ट्रक्चर में कमियों की पहचान करना तथा विभिन्न स्टेकहोल्डर्स के बीच तालमेल को मज़बूत बनाना था। बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने के लिए, कार्यक्रम के डिज़ाइन, ट्रेनर इम्पैनलमेंट और मार्केट लिंकेज को मज़बूत करने के संबंध में सुझाव देने में एसएससी और एसएसडीएम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
आगे बढ़ते हुए, एमएसडीई ने ज़मीनी स्तर पर इम्प्लीमेंटेशन को मज़बूत बनाने के लिए एक केंद्रित और एक्शन-आधारित रोडमैप तैयार किया है। ज़िलों को प्रस्ताव जमा करने से पहले, स्पष्ट रूप से परिभाषित समय-सीमा, ट्रेनिंग लोकेशन, ट्रेनर्स और टारगेटेड लाभार्थियों के साथ एक मज़बूत प्रोजेक्ट पाइपलाइन विकसित करने के लिए निर्देशित किया जाएगा। मौजूदा सरकारी इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे कि स्कूलों, आईटीआई और कम्युनिटी सेन्टर्स का उपयोग करके, मौके पर ही प्रशिक्षण को तेज़ी से संचालित करने पर ज़ोर दिया जाएगा, ताकि इसे तेजी से रोलआउट किया जा सके।
