उल्टा रथयात्रा पर खूंटी पूजा, 69वें वर्ष में ‘आदि शक्ति’ की सोच के साथ नजर आएगा सुब्रत संघ

पवित्र उल्टा रथयात्रा के शुभ अवसर पर खूंटी पूजा के साथ सिलीगुड़ी की प्रमुख और पारंपरिक दुर्गापूजा समितियों में से एक ‘सुब्रत संघ’ ने आगामी दुर्गोत्सव का औपचारिक आगाज कर दिया है। इस बार उनकी दुर्गापूजा का 69वां वर्ष है। शुक्रवार सुबह वैदिक मंत्रोच्चार और पूरी निष्ठा के साथ खूंटी पूजा का अनुष्ठान संपन्न हुआ।इस वर्ष की पूजा का थीम ‘आदि शक्ति’ रखा गया है।

आयोजकों के अनुसार, सृष्टि के आरंभ में जिस अनंत, अविनाशी और निराकार शक्ति का अस्तित्व था, उसी शाश्वत ऊर्जा और शक्ति के दर्शन को इस बार के पूजा मंडप व कलाकृतियों के जरिए उभारा जाएगा। दर्शनार्थियों तक एक अलग तरह का आध्यात्मिक अनुभव पहुंचाना ही उनका मुख्य उद्देश्य है।इस बार की पूजा की खास बात यह है कि मंडप निर्माण से लेकर सजावट का ज्यादातर काम सिलीगुड़ी के स्थानीय कलाकार ही कर रहे हैं। स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने के साथ-साथ उनके हुनर से इस पूजा को और भी आकर्षक बनाने की पहल क्लब ने की है।

मंडप की थीम के अनुकूल ही मनमोहक रोशनी की व्यवस्था होगी, जो शाम के समय दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगी।पूजा के दिनों में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम, सामाजिक पहल और जन-कल्याणकारी योजनाएं भी आयोजित की जाएंगी। खूंटी पूजा के साथ ही सुब्रत संघ में त्योहार की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। 69 वर्षों की परंपरा को समेटे ‘आदि शक्ति’ की थीम पर सजने वाली यह दुर्गापूजा इस बार भी भक्तों और दर्शनार्थियों के लिए बेहद खास रहेगी, ऐसी उम्मीद आयोजकों ने जताई है।

By Sonakshi Sarkar