नदिया जिले के नवद्वीप के पोड़ामातला इलाके में स्थित ऐतिहासिक श्यामसुंदर मंदिर में चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। एक अज्ञात बदमाश मंदिर में दाखिल होकर राधा-कृष्ण के विग्रह (मूर्तियों) से सोने के गहने चोरी कर रफूचक्कर हो गया। घटना के समय मंदिर परिसर में मौजूद बुजुर्ग निवासी और पुजारी का परिवार जब तक कुछ समझ पाता, तब तक चोर वारदात को अंजाम दे चुका था। पोड़ामातला जैसे व्यस्त और धार्मिक क्षेत्र में हुई इस घटना से स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश और सुरक्षा को लेकर चिंता है।सूनेपन का फायदा उठाकर मंदिर में घुसा चोरमंदिर के सेवायत परिवार की सदस्य शुभश्री गोस्वामी ने बताया कि यह घटना शाम करीब पौने आठ बजे की है। उस समय उनकी मां रसोई में काम कर रही थीं और उनके बुजुर्ग पिता, जिन्हें सुनने में थोड़ी दिक्कत होती है, वे कमरे में टीवी देख रहे थे।
शुभश्री खुद कुछ जरूरी सामान खरीदने के लिए बाजार गई थीं। इसी दौरान मंदिर का मुख्य दरवाजा केवल सटा हुआ (अनलॉक) देखकर एक अज्ञात युवक चुपके से भीतर घुस गया।आवाज होने पर मां ने खदेड़ा, तब तक हो चुकी थी चोरीठाकुरघर (गर्भगृह) से अचानक कुछ खटर-पटर की आवाज सुनकर शुभश्री की मां को शक हुआ और वे देखने के लिए आगे बढ़ीं। आहट पाते ही चोर तेजी से मंदिर परिसर से बाहर भाग निकला। जब परिवार के लोग गर्भगृह के भीतर गए, तो देखा कि राधारानी के कान के बड़े सोने के झुमके और मांगटीका (टिकली) गायब थे। इसके साथ ही चोर ने श्यामसुंदर के सिर का टीका और एक कान का कुंडल भी जबरन खींचकर तोड़ लिया था।सेवाइत परिवार की सदस्य शुभश्री गोस्वामी ने कहा: “कई साल पहले यहाँ से एक साइकिल चोरी हुई थी, लेकिन ठाकुर जी के गहने चोरी होने की ऐसी घटना यहाँ कभी नहीं हुई।
हम हमेशा खुद को यहाँ सुरक्षित महसूस करते थे और मूर्तियों पर हमेशा आभूषण सजे रहते थे। लेकिन आज की इस घटना ने हमारी सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। अब से हमें बहुत अधिक सतर्क रहना होगा।”मंदिर में नहीं है सीसीटीवी, पुलिस जांच में जुटीबताया गया है कि ऐतिहासिक होने के बावजूद मंदिर परिसर में अपना कोई सीसीटीवी (CCTV) कैमरा नहीं लगा है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और प्राथमिक छानबीन के बाद मामले की जांच शुरू की। पुलिस अब मंदिर के आसपास और मुख्य रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके। मंदिर प्रबंधन की ओर से शुभश्री गोस्वामी पुलिस थाने में लिखित शिकायत दर्ज करा रही हैं।
