टाटा स्टारबक्स ने पेश किया लिमिटेड-एडिशन पूजा मेन्यू, क्षेत्रीय स्वादों का मिलेगा जायका

टाटा स्टारबक्स दुर्गा पूजा के अवसर पर अपने लिमिटेड-एडिशन “आमार पूजा, आमार स्टारबक्स” मेन्यू के साथ त्योहार का जश्न मनाने के लिए तैयार है। यह विशेष मेन्यू 26 सितंबर से 21 अक्टूबर तक उपलब्ध रहेगा और इसमें पूर्वी भारत के क्षेत्रीय स्वादों को शामिल किया गया है। यह मेन्यू कोलकाता, गुवाहाटी, सिलीगुड़ी, भुवनेश्वर, जमशेदपुर, पटना, रांची और गंगटोक के चुनिंदा स्टारबक्स स्टोर्स पर उपलब्ध होगा। फेस्टिव मेन्यू में दो नए व्यंजन शामिल किए गए हैं—कोशा मांगशो रोल और गुड़ेर संदेश फ्लान। कोशा मांगशो रोल में बंगाली शैली के कोशा मांगशो को परतदार पराठे के साथ परोसा गया है। वहीं, गुड़ेर संदेश फ्लान में गुड़ और बिस्किट बेस के साथ संदेश को आधुनिक अंदाज में पेश किया गया है।

इसके अलावा मेन्यू में ग्राहकों के पसंदीदा कई पुराने व्यंजन भी वापस शामिल किए गए हैं। इनमें ढाकाई चिकन रैप, भेटकी भाजा सैंडविच, चिंगड़ी टर्नओवर, शोरषे चिकन बर्गर, आलू पोस्टो बर्गर और कलाकंद पाई शामिल हैं। टाटा स्टारबक्स की हेड ऑफ प्रोडक्ट एंड मार्केटिंग मिताली माहेश्वरी ने कहा कि नए रूप में पेश किया गया यह मेन्यू क्षेत्रीय स्वादों को स्टारबक्स के अनुभव के साथ जोड़ता है। इसका उद्देश्य पूजा के दौरान बातचीत और उत्सव के लिए एक खास माहौल तैयार करना है।

महालय के अवसर पर कोलकाता के पार्क मैंशन, सदर्न एवेन्यू, लाउडन स्ट्रीट और न्यू अलीपुर स्थित स्टारबक्स स्टोर्स सुबह 5 बजे खुलेंगे। इन आउटलेट्स पर स्टारबक्स पार्टनर्स की ओर से कॉफी-टेस्टिंग सेशन भी आयोजित किए जाएंगे। वर्तमान में टाटा स्टारबक्स भारत के 80 शहरों में 519 स्टोर्स संचालित करता है। कंपनी में 4,305 से अधिक कर्मचारी कार्यरत हैं।

By Business Bureau