टाटा मोटर्स ने प्रवास 5.0 में अगली पीढ़ी के पैसेंजर मोबिलिटी समाधानों का अनावरण किया

टाटा मोटर्स ने गुरुवार को प्रवास 5.0 में अपने अगली पीढ़ी के पैसेंजर मोबिलिटी पोर्टफोलियो का अनावरण किया है। इसके तहत बिल्कुल नई ‘अल्ट्रा प्राइम’ और ‘स्टारबस प्राइम’ रेंज की बसें लॉन्च की गई हैं, जिनका उद्देश्य भारत के सार्वजनिक परिवहन इकोसिस्टम में सुरक्षा, यात्री आराम और परिचालन दक्षता को बढ़ाना है। कंपनी ने वाणिज्यिक यात्री वाहनों (कमर्शियल पैसेंजर व्हीकल्स) की एक विस्तृत श्रृंखला का प्रदर्शन किया, जिसमें एलपीओ 1620 सीएनजी, अल्ट्रा प्राइम एलपीओ 412, अल्ट्रा स्कूल 9/9 ईवी, मैजिक ईवी, विंगर प्लस और अल्ट्रा प्राइम आरई कॉन्सेप्ट शामिल हैं। यह नया पोर्टफोलियो पारंपरिक और इलेक्ट्रिक दोनों पावरट्रेन विकल्पों की पेशकश करते हुए इंटरसिटी, इंट्रासिटी, स्कूल, पर्यटन, स्टाफ और अंतिम छोर तक कनेक्टिविटी (लास्ट-माइल ट्रांसपोर्टेशन) की जरूरतों को पूरा करता है।

इसकी मुख्य विशेषताओं में, अल्ट्रा प्राइम और स्टारबस प्राइम में 29 उन्नत सुरक्षा तकनीकें शामिल हैं, जबकि अल्ट्रा स्कूल 9/9 ईवी में फास्ट-चार्जिंग क्षमता और न्यूरोडायवर्जेंट (विशेष) बच्चों के लिए डिज़ाइन किए गए वैकल्पिक ग्राफिक्स दिए गए हैं। वहीं मैजिक ईवी एक बार चार्ज करने पर 120 किमी तक की ड्राइविंग रेंज देती है, जो शून्य-उत्सर्जन लास्ट-माइल मोबिलिटी का समर्थन करती है। इस लॉन्च पर टिप्पणी करते हुए, टाटा मोटर्स लिमिटेड के वाइस प्रेसिडेंट और बिजनेस हेड (कमर्शियल पैसेंजर व्हीकल्स) आनंद एस. ने कहा कि इन नई पेशकशों को कम परिचालन लागत, बेहतर सुरक्षा, अधिक आराम और बेहतर बेड़े (फ्लीट) दक्षता के माध्यम से उपभोक्ताओं की बदलती आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए विकसित किया गया है। उन्होंने आगे कहा कि कंपनी का देशव्यापी सपोर्ट इकोसिस्टम, जिसमें 4,600 से अधिक बिक्री व सेवा केंद्र, संपूर्ण सेवा 2.0, फ्लीट मैनेजमेंट सॉल्यूशंस और टाटा जेन्युइन पार्ट्स शामिल हैं, ग्राहकों को अधिकतम अपटाइम और लाइफसाइकिल वैल्यू हासिल करने में मदद करेगा।

कोलकाता के संदर्भ में, इस विस्तारित पैसेंजर मोबिलिटी पोर्टफोलियो से कोलकाता में टाटा मोटर्स की उपस्थिति मजबूत होने की उम्मीद है, जहाँ स्वच्छ, लागत कुशल और सुरक्षित सार्वजनिक परिवहन समाधानों की मांग लगातार बढ़ रही है। सीएनजी और इलेक्ट्रिक बसों के साथ-साथ मैजिक ईवी जैसे लास्ट-माइल मोबिलिटी विकल्पों की शुरूआत से फ्लीट ऑपरेटरों, शैक्षणिक संस्थानों और पर्यटन व्यवसायों को मदद मिल सकती है, क्योंकि यह शहर तेजी से टिकाऊ शहरी परिवहन और बेहतर यात्री अनुभव पर ध्यान केंद्रित कर रहा है।

By Business Bureau